राँची में छात्रा से गैंगरेप पर हाईकोर्ट सख्त, पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए DLSA ने उतारी विशेष टीम; मुफ्त पैरवी से मुआवजे तक की पहल तेज
राँची।राजधानी राँची के रातू थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय इंटर की छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले ने न्यायपालिका का ध्यान खींचा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए झारखण्ड हाईकोर्ट ने पीड़िता को न्याय दिलाने और उसे हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सख्त पहल की है। हाईकोर्ट के न्यायाधीश सह झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के कार्यपालक अध्यक्ष जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), राँची को पीड़िता और उसके परिवार को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इसके बाद डालसा ने कानूनी मदद से लेकर सुरक्षा और मुआवजे तक की प्रक्रिया तेज कर दी है।
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद राँची सिविल कोर्ट के न्यायायुक्त सह डालसा अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा ने पीड़िता को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। इसी कड़ी में डालसा सचिव राकेश रौशन ने दो पारा लीगल वॉलेंटियर (पीएलवी) पूनम देवी और पुष्पलता देवी की विशेष टीम गठित की है। यह टीम लगातार पीड़िता और उसके परिजनों के संपर्क में रहेगी और उनकी जरूरतों के अनुसार सहायता उपलब्ध कराएगी।
पीड़िता के परिवार से मिले डालसा सचिव, दिया भरोसा
मामले को लेकर डालसा सचिव राकेश रौशन ने स्वयं पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। न्याय की लड़ाई में हर स्तर पर सहयोग किया जाएगा। पीड़िता को निःशुल्क कानूनी सहायता के साथ जरूरी सुरक्षा संबंधी सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बिना फीस के केस लड़ेंगी अधिवक्ता ममता श्रीवास्तव
पीड़िता को न्यायिक लड़ाई में मजबूती देने के लिए डालसा ने अधिवक्ता ममता श्रीवास्तव को प्रो-बोनो वकील नियुक्त किया है। वह बिना किसी शुल्क के पीड़िता की ओर से अदालत में पैरवी करेंगी। इसके अलावा रातू थाना क्षेत्र में एक पीएलवी को सपोर्ट पर्सन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि पीड़िता और उसके परिवार को जरूरत पड़ने पर लगातार सहयोग मिल सके।
पुलिस जांच पर भी डालसा की नजर
डालसा केवल कानूनी सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि मामले की पुलिस जांच की प्रगति पर भी नजर रख रहा है। डालसा सचिव राकेश रौशन ने रातू थाना प्रभारी से बातचीत कर जांच की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को निष्पक्षता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
ट्यूशन से लौट रही छात्रा को बनाया था निशाना
गौरतलब है कि बीते 7 नवंबर को रातू थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय इंटर की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। छात्रा शाम को ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की।इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। अब हाईकोर्ट और झालसा के हस्तक्षेप के बाद डालसा ने पीड़िता को कानूनी संरक्षण, मुफ्त पैरवी, सुरक्षा और मुआवजा दिलाने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। पीड़िता और उसके परिवार को न्याय की लड़ाई में संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराने की यह पहल मामले में अहम मानी जा रही है।

