धुर्वा में बिट्टू सिंह हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, शराब पार्टी के बाद दोस्तों ने ही ले ली जान; बेंत से पीटा, फिर रस्सी से घोंट दिया गला

 

राँची। राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र में झाड़ियों के बीच मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस हत्याकांड का खुलासा होते ही चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई है। जिस युवक की लाश डैम साइड स्थित सिठियो गांव में झाड़ियों से बरामद हुई थी, उसकी हत्या किसी अनजान दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसके साथ मौजूद दो युवकों ने ही कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि दोनों आरोपियों ने पहले बिट्टू सिंह को लकड़ी के बेंत से बेरहमी से पीटा और फिर रस्सी से गला घोंटकर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया था।

पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों संजय कुमार सिंह (30) और बॉबी विश्वकर्मा (27) को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं, आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का बेंत और वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई है।

 

मामले की शुरुआत 6 नवंबर 2026 की सुबह हुई, जब धुर्वा थाना क्षेत्र के सिठियो गांव में डैम साइड झाड़ियों के बीच एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया ही हत्या की आशंका जताई गई थी। बाद में मृतक की पहचान बिट्टू सिंह (31 वर्ष), पिता ओमप्रकाश सिंह, निवासी क्वार्टर नंबर बी/2-385 (टी), सेक्टर-9, शर्मा मार्केट, धुर्वा के रूप में हुई।

घटना के बाद मृतक के पिता के लिखित आवेदन पर धुर्वा थाना में कांड संख्या 296/26, दिनांक 06.11.2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/238(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV और मोबाइल लोकेशन ने खोला हत्या का राज

हत्या की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक राँची ने नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण और गुप्तचरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश की गई।

लगातार जांच और छापेमारी के बाद पुलिस ने संजय कुमार सिंह और बॉबी विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और अनुसंधान के दौरान दोनों की संलिप्तता सामने आने के बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कार और लकड़ी का बेंत बरामद किया गया।

पहले बेंत से पीटा, फिर रस्सी से घोंट दिया गला

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मृतक बिट्टू सिंह और दोनों आरोपियों के बीच शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी और मारपीट की स्थिति बन गई। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने गाड़ी में रखे लकड़ी के बेंत से बिट्टू सिंह पर हमला कर दिया। बेंत से की गई पिटाई के कारण वह बेहोश हो गया।इसके बाद भी आरोपियों का क्रूरता भरा कदम नहीं रुका। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने रस्सी से बिट्टू सिंह का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद शव को सिठियो डैम साइड की झाड़ियों में फेंक दिया गया, ताकि घटना का पता लगाने में पुलिस को परेशानी हो।

दोनों आरोपियों में एक का पहले से आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार संजय कुमार सिंह (30 वर्ष), पिता वीरेंद्र कुमार सिंह, निवासी बी (ii)/265, शर्मा रोड, धुर्वा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ धुर्वा थाना में दो मामले दर्ज हैं। इनमें धुर्वा थाना कांड संख्या 232/22, दिनांक 31 अगस्त 2022, धारा 279/427 भादवि तथा कांड संख्या 103/18, दिनांक 11 मई 2018, धारा 323/341/342/34 भादवि शामिल हैं।वहीं, दूसरे आरोपी बॉबी विश्वकर्मा (27 वर्ष), पिता सुरेश विश्वकर्मा, निवासी लाह फैक्ट्री, हिंदपीढ़ी, राँची को भी गिरफ्तार किया गया है।

ये सामान हुए बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक लकड़ी का बेंत, आरोपियों के दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल एक कार जब्त की है।

छापेमारी टीम में ये पुलिस पदाधिकारी थे शामिल

इस हत्याकांड के उद्भेदन में हटिया डीएसपी,धुर्वा थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और तकनीकी शाखा के पु०अ०नि० गगन ठाकुर, स०अ०नि० बलेन्द्र सिंह तथा धुर्वा थाना के सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद धुर्वा के बिट्टू सिंह हत्याकांड का खुलासा हो गया है। शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद आखिरकार हत्या तक पहुंच गया।फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

 

error: Content is protected !!