रेलवे ट्रैक पर बिखरा मिला युवक का शव, वंदे भारत के पहिये थमे,20 मिनट तक पटरी पर खड़ी रही ट्रेन…

 

जसीडीह। देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गंगटी गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण वाराणसी-देवघर वंदे भारत एक्सप्रेस को भी बीच रास्ते में रोकना पड़ा। करीब 20 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। बाद में शव हटाने और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।

मृतक की पहचान देवघर नगर थाना क्षेत्र के बंपास टाउन, खुरादा निवासी 39 वर्षीय संजय वर्णवाल के रूप में हुई है। उनका पैतृक गांव बिहार के जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत जलगोड़वा है। संजय लंबे समय से देवघर में रहकर काम करते थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे।

घर से पूजा का सामान लाने निकले थे संजय

परिजनों के मुताबिक, संजय रविवार की सुबह घर से पूजा का सामान लाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद परिवार को उनके साथ हुए हादसे की कोई जानकारी नहीं मिली। दोपहर में रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए पुलिस ने परिवार से संपर्क किया। सूचना मिलते ही उनके भाई लक्ष्मी मोदी समेत परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।

पोल संख्या 324/10-12 के बीच मिला शव

जानकारी के अनुसार, रविवार को रेलवे स्टेशन के पदाधिकारी ने जसीडीह पुलिस को सूचना दी थी कि गंगटी गांव के समीप पोल संख्या 324/10-12 के बीच डाउन लाइन पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर शिव शंकर सिंह, एसआई कालीदास हांसदा तथा जसीडीह थाना के एसआई राजेश कुमार झा और एएसआई कौशलेंद्र कुमार जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।पुलिस और आरपीएफ की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया।

शव के कारण 20 मिनट रुकी वंदे भारत

इस घटना का असर रेल परिचालन पर भी पड़ा। वाराणसी से देवघर आ रही ट्रेन संख्या 22500 वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से चल रही थी। दोपहर 12:57 बजे जब ट्रेन घटनास्थल के समीप पहुंची, तो चालक की नजर रेलवे ट्रैक पर पड़े शव पर पड़ी। सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया।ट्रैक से शव हटाने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोपहर 1:17 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस तरह करीब 20 मिनट तक वंदे भारत एक्सप्रेस घटनास्थल के पास रुकी रही।

हादसा या कुछ और, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस को आशंका है कि संजय की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई होगी। हालांकि, घटनाक्रम की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।इधर, संजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घर से पूजा का सामान लाने निकले संजय की इस तरह मौत होने से परिजन गहरे सदमे में हैं।

 

error: Content is protected !!