राँची के डोरंडा में शुक्रवार शाम से लापता तीन वर्षीय मासूम का शव नाले में मिला, कुम्हार टोली श्मशान घाट के पास मचा हड़कंप, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
–शुक्रवार शाम करीब 4 बजे से लापता था अरनव कुमार, रातभर तलाश में जुटे रहे परिजन; शनिवार सुबह शव मिलने से परिवार में मचा कोहराम, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
राँची।राजधानी राँची के डोरंडा थाना क्षेत्र में दीपावली के शुभ अवसर पर एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। शुक्रवार शाम से लापता तीन वर्षीय मासूम अरनव कुमार का शव शनिवार सुबह कुम्हार टोली श्मशान घाट के पास स्थित नाले में मिलने से सनसनी फैल गई। जिस बच्चे की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में परिजन रातभर उसकी तलाश कर रहे थे, शनिवार सुबह उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
जानकारी के अनुसार, डोरंडा निवासी तीन वर्षीय अरनव कुमार शुक्रवार शाम करीब चार बजे अचानक लापता हो गया था। काफी देर तक जब बच्चा घर नहीं लौटा, तो परिजनों की बेचैनी बढ़ने लगी। परिवार के लोगों ने आसपास के घरों, गलियों और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब मासूम का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने डोरंडा थाना पहुंचकर पुलिस को बच्चे के लापता होने की सूचना दी।इसके बाद परिवार के लोग और पुलिस लगातार बच्चे की तलाश में जुटे रहे। उन्हें उम्मीद थी कि कहीं न कहीं से अरनव सुरक्षित मिल जाएगा, लेकिन शनिवार की सुबह परिवार के लिए जिंदगी का सबसे दुखद संदेश लेकर आई।
नाले में शव मिलने से इलाके में मचा हड़कंप
शनिवार सुबह कुम्हार टोली श्मशान घाट के पास स्थित नाले में बच्चे का शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में बच्चे की पहचान लापता अरनव कुमार के रूप में हुई।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। जिस बच्चे को परिवार शुक्रवार शाम से ढूंढ रहा था, उसे इस हालत में देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
हादसा, लापरवाही या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर तीन वर्षीय अरनव नाले तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या बच्चा खेलते-खेलते नाले तक पहुंच गया था या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है? इन सवालों का जवाब फिलहाल सामने नहीं आया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।पुलिस ने बच्चे का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कर लिए रिम्स भेजकर जांच में जुटी है।
शुक्रवार शाम से जिस घर में मासूम की वापसी की दुआएं मांगी जा रही थीं, वहां शनिवार सुबह मातम पसरा हुआ है। तीन साल के अरनव की दर्दनाक मौत ने न सिर्फ उसके परिवार, बल्कि पूरे डोरंडा इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे का नाम अरनव कुमार है। वह डोरंडा के 56-सेट कुम्हारटोली का रहने वाला था।बच्चे के पिता का नाम आकाश कुमार उर्फ कारू है, जो डोरंडा क्षेत्र में गिरीश चाट का ठेला चलाते हैं।

