देवघर में केमिकल के ढेर में लगी आग ने मचाई तबाही, पांच घंटे तक धधकती रही नेल पॉलिश फैक्ट्री; चार दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
देवघर। शहर के घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में संचालित नेल पॉलिश फैक्ट्री में गुरुवार की अहले सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री के भीतर रखे भारी मात्रा में केमिकल ने आग को और भड़का दिया। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। करीब पांच घंटे तक आग धधकती रही। चार दमकल गाड़ियों की मदद से अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना नगर थाना क्षेत्र के देवसंघ नवदुर्गा मंदिर के पीछे की है। गुरुवार सुबह करीब चार बजे फैक्ट्री के अंदर अचानक आग भड़क उठी। केमिकल की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
रिहायशी इलाके में फैक्ट्री, बड़ा हादसा टला
फैक्ट्री में भारी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल रखे होने के कारण आग के आसपास के घरों तक फैलने का खतरा बना हुआ था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रिहायशी इलाके में यह फैक्ट्री अवैध तरीके से संचालित की जा रही थी। लोगों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के मकानों और लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था।
हादसे के बाद संचालक नदारद, फोन भी बंद
इस घटना में फैक्ट्री संचालक की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी रही। स्थानीय लोगों ने संचालक का नाम गुड्डू बरनवाल बताया है। आरोप है कि आग लगने के बाद वह मौके पर नहीं पहुंचे। उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बताया जा रहा था।
अवैध फैक्ट्री संचालक पर होगी कार्रवाई
मौके पर पहुंचे अग्निशमन पदाधिकारी गोपाल यादव ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर काफी मात्रा में केमिकल रखा हुआ था। आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के लोगों और संपत्तियों को भारी नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री के अवैध रूप से संचालन के मामले में संचालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

