पत्नी का सिर काटकर काली मंदिर पहुंचा पति, गोद में रखा कटा सिर और पास बैठे रहे दो बेटे; पुलिस से बोला- ‘मैं पागल हो गया हूं’

 

डेस्क/कोलकाता।पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद वह पत्नी का कटा हुआ सिर लेकर घर के पास स्थित काली मंदिर पहुंच गया और वहीं बैठ गया। हैरानी की बात यह थी कि उसके दोनों नाबालिग बेटे भी उसके पास मौजूद थे। मंदिर में यह भयावह दृश्य देखकर स्थानीय लोगों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

घटना बुधवार सुबह गंगारामपुर शहर के वार्ड नंबर-4 स्थित नारायणपुर इलाके की है। आरोपी की पहचान रिंटू घोष के रूप में हुई है। मृतका की पहचान उसकी पत्नी सीमा सरकार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह मंदिर में आरोपी को पत्नी का कटा हुआ सिर गोद में रखे बैठे देखा गया। उसके हाथ में धारदार हथियार भी था। आसपास के लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस वाहन में बैठते ही बोला- मैं साइको हो गया हूं

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस आरोपी को लेकर जा रही थी, तब उसने पत्रकारों के सामने अपनी नौकरी जाने का जिक्र किया। उसने कहा, “NBSTC से नौकरी जाने और पुलिस स्टेशन जाने के बाद मैं मानसिक रूप से असंतुलित हो गया हूं।” एक अन्य मीडिया रिपोर्ट में उसके बयान को ‘मैं साइको हो गया हूं’ के रूप में उद्धृत किया गया है।

आरोपी पहले नॉर्थ बंगाल स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NBSTC) में बस कंडक्टर के रूप में काम करता था। रिपोर्टों के अनुसार, करीब तीन साल पहले उसकी नौकरी चली गई थी। हालांकि, नौकरी जाने की परिस्थितियों को लेकर अलग-अलग रिपोर्टों में अलग जानकारी सामने आई है।

नौकरी छूटने के बाद बदल गया था व्यवहार

रिश्तेदार राजेश प्रमाणिक के मुताबिक, नौकरी छूटने के बाद रिंटू आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उसने कुछ छोटे-मोटे कारोबार शुरू करने की कोशिश की, लेकिन उसे कोई स्थायी आमदनी नहीं हो सकी। रिश्तेदार का दावा है कि पिछले कुछ समय से उसके व्यवहार में काफी बदलाव आ गया था। उसने मांसाहार छोड़कर शाकाहारी भोजन करना शुरू कर दिया था और उसका पहनावा तथा रहन-सहन भी तांत्रिकों जैसा हो गया था। हालांकि, इन बदलावों का हत्या से कोई सीधा संबंध अभी सामने नहीं आया है।

दांपत्य विवाद के एंगल से भी जांच

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों ने भी दोनों के बीच अनबन होने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी से संकेत मिलता है कि बुधवार तड़के घर में हुए विवाद के दौरान आरोपी ने पत्नी की हत्या की। इसके बाद वह उसका सिर लेकर मंदिर पहुंचा। पुलिस ने महिला का धड़ और सिर बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक गुप्ता के अनुसार, दंपती के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब पांच और 12 वर्ष बताई गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात के समय दोनों बच्चे घर पर मौजूद थे। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद करने की कार्रवाई की है। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। नौकरी छूटने के बाद उसकी मानसिक स्थिति, पारिवारिक विवाद और हाल के दिनों में उसके व्यवहार में आए बदलावों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे का अंतिम मकसद स्पष्ट नहीं हुआ है।

 

 

error: Content is protected !!