पलामू:बड़े बेटे और बहू को पानी नहीं भरने देता था बाप,फिर घर में मिली लाश ! बेटा और बहू हिरासत में ,पोता फरार
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र कुदागा कलां में निजामुद्दीन अंसारी नामक 65 वर्षीय व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। घटना शनिवार देर रात की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है जबकि पूरे मामले में छानबीन शुरू कर दी है।निजामुद्दीन अंसारी का शव घर के शौचालय से बरामद हुआ। इस घटना के बाद पुलिस ने बड़े बेटे और बहू को हिरासत में लिया है जबकि पोता फरार है।निजामुद्दीन अंसारी का अपने बड़े बेटे के साथ जमीन और कई मामलों को लेकर विवाद चल रहा था।पूर्व में भी दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला कोर्ट तक पहुंचा।
इसलिए ऐसी आशंका जताई जा रही है कि इसी आपसी और जमीनी विवाद में बुजुर्ग की हत्या कर दी गयी है। पुलिस निजामुद्दीन अंसारी के पोते की तलाश में कई इलाकों में छापेमारी कर रही है।
इस घटना को लेकर चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि मृतक निजामुद्दीन अंसारी का अपना बड़े बेटे के साथ विवाद चल रहा था। निजामुद्दीन अंसारी अपने बड़े बेटे और बहू को पानी नहीं भरने देता था। बड़ा बेटा बोरिंग करवाना चाहता था तो पिता विवाद भी करता था। निजामुद्दीन अपने छोटे बेटे के साथ रहा करता था।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद में हत्या का मामला लगता है लेकिन पुलिस सभी बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन मौके पर पहुंच गए हैं।

