राँची से रामगढ़ तक फैला था ब्राउन शुगर का कारोबार, जंगल में होती थी डीलिंग; पुलिस ने 6 तस्करों को दबोचा

 

रामगढ़। राँची से रामगढ़ तक ब्राउन शुगर की सप्लाई का नेटवर्क फैला हुआ था। नशे के इस अवैध कारोबार में राँची के खरीदार और रामगढ़ के कथित सप्लायर जुड़े थे। पुलिस के अनुसार, सुनसान जंगली इलाकों में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होती थी और फिर इसे राँची समेत आसपास के इलाकों में खपाया जाता था। त्योहारों के मद्देनजर नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रजरप्पा पुलिस ने इस नेटवर्क का खुलासा करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

बुधवार को रजरप्पा थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन ने कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर, दो स्कूटी/मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत 50 से 60 हजार रुपये बताई गई है।

 

एसडीपीओ के मुताबिक, 3 नवंबर की शाम करीब 5:10 बजे पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि स्कूटी सवार तीन युवक महुआटांड़ से बोरोबिंग की ओर आ रहे हैं। उनके पास ब्राउन शुगर समेत अन्य मादक पदार्थ हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने बोरोबिंग पुल के पास बैरियर लगाकर वाहनों की जांच शुरू की।

शाम करीब 7:45 बजे पुलिस ने एक स्कूटी पर सवार तीन युवकों को रोककर तलाशी ली। उनकी पहचान राँची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र के डडुआ, जोन्हा निवासी दिवाकर कुमार ठाकुर (28), कृष्णा नायक (32) और आनंद लकड़ा (20) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर बरामद की गई।

 

पुलिस का दावा है कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ में रजरप्पा क्षेत्र के तीन कथित सप्लायरों के नाम सामने आए। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दीपक रजक (19), आकाश सिंह उर्फ गोंदु (23) और हेमंत राजभर (27) से ब्राउन शुगर खरीदते थे। इसके बाद राँची और आसपास के इलाकों में इसकी बिक्री करते थे। पूछताछ में खुद भी नशे का सेवन करने की बात सामने आई।

आरोपियों के बयान के आधार पर एसआईटी ने छापेमारी कर तीनों कथित सप्लायरों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, तीन नवंबर को भी महुआटांड़ जाने वाले रास्ते में एक सुनसान जंगली स्थान पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हुई थी।

इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर के अलावा दो वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। मामले में रजरप्पा थाना कांड संख्या 139/26, दिनांक 3 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

छापेमारी दल में रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार रजक, रंजीत कुमार महतो, रोहित राज सिंह, गोला थाना के अमित कुमार, रामगढ़ तकनीकी शाखा के कर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

error: Content is protected !!