हजारीबाग में पुलिस का बड़ा एक्शन: रातभर चला अड्डेबाजी और मनचलों के खिलाफ अभियान, 108 ठिकानों पर छापेमारी; 47 युवक हिरासत में लेकर दी गई सख्त हिदायत
हजारीबाग। शहर से लेकर जिले के विभिन्न इलाकों में देर रात अड्डेबाजी करने और महिलाओं व युवतियों को परेशान करने वाले मनचलों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर सोमवार( 2 नवम्बर) की रात जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस की 45 विशेष टीमें सड़कों पर उतरीं और संदिग्ध ठिकानों पर पहुंचकर कार्रवाई की।
इस विशेष अभियान की कमान जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों को सौंपी गई थी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी थाना प्रभारियों की मौजूदगी में कुल 45 टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में 191 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले में कुल 108 चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी की।
108 ठिकानों पर छापेमारी, 47 युवकों को थाने लाया गया
छापेमारी के दौरान सार्वजनिक स्थानों और अन्य चिन्हित जगहों पर बेवजह जमावड़ा लगाकर बैठने तथा मनचली गतिविधियों में संलिप्त होने के संदेह में कुल 47 व्यक्तियों को पुलिस थाने लेकर आई। वहां सभी को पूछताछ के बाद पीआर बॉन्ड पर हिदायत देते हुए छोड़ा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, अनावश्यक जमावड़ा और आम लोगों को परेशान करने जैसी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
हजारीबाग पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस तरह का विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा का माहौल कायम करना और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।इसके साथ ही पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, यदि किसी मोहल्ले, सड़क, चौक-चौराहे या सार्वजनिक स्थान पर मनचलों का जमावड़ा लगता है अथवा अड्डेबाजी के कारण लोगों को परेशानी होती है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना को दें। प्राप्त सूचना का सत्यापन कर पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।
हजारीबाग पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी और मनमानी करने वालों पर अब पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

