रात में बेटे ने बंद किया था दरवाजा,सुबह पिता ने उसी बेटे का कर दिया कत्ल,राँची के बेड़ो में सनसनी
राँची।राजधानी राँची के बेड़ो क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नरकोपी के बोबरो गांव स्थित सिया टोली में एक पिता ने अपने ही 17 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि मानसिक रूप से बीमार पिता ने गहरी नींद में सो रहे बेटे के सिर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ कई वार किए। हमले में बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता ने खुद गांव के लोगों के पास जाकर बेटे की हत्या करने की बात बताई।
रात में पिता को बाहर जाने से रोकने के लिए बंद किया था दरवाजा
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता देवनाथ उरांव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, वह अक्सर घर से बाहर भागने का प्रयास करता था। इसी वजह से सोमवार की रात उसके बेटे नितेश उरांव ने घर का दरवाजा बंद कर दिया था, ताकि पिता रात में कहीं बाहर नहीं जा सकें। रात में सब कुछ सामान्य था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि सुबह होते-होते घर में खूनी वारदात हो जाएगी।
बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह करीब चार बजे नितेश सो गया। इसी दौरान पिता देवनाथ उरांव ने सोते हुए बेटे पर हमला कर दिया। उसने नितेश के सिर पर कुदाली से कई वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण नितेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मां जब तक घटनास्थल पर पहुंची, तब तक बेटे की सांसें थम चुकी थीं। घर में बेटे का खून से लथपथ शव देखकर मां की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा।
बेटे की हत्या कर खुद गांव में दी जानकारी
इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि बेटे की हत्या करने के बाद आरोपी पिता घर से बाहर निकला और आसपास के लोगों को खुद बताया कि उसने अपने बेटे को मार डाला है। उसकी बात सुनकर ग्रामीण स्तब्ध रह गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
नौवीं कक्षा का छात्र था नितेश
मृतक नितेश उरांव की उम्र महज 17 वर्ष थी। वह नरकोपी स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। जिस उम्र में उसे पढ़ाई और अपने भविष्य के सपने संजोने चाहिए थे, उसी उम्र में उसकी जिंदगी अपने ही पिता के हाथों खत्म हो गई। घटना के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बोबरो गांव की सिया टोली में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शैलेन्द्र टुडू और एएसआई शिव कुमार सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी पिता देवनाथ उरांव को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुदाली भी बरामद की गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, राँची भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी की मानसिक स्थिति और हत्या के पीछे की परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

