पत्नी से विवाद के बाद लापता युवक का जंगल में मिला शव,जांच में जुटी है पुलिस.
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के बेडवा क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त दहशत फैल गई, जब एक 20 वर्षीय युवक का शव जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान बेडवा निवासी मुकेश कुमार महतो (पिता मंगलदेव महतो) के रूप में हुई है। मुकेश का शव छोटकी डूंडी पहाड़ स्थित जंगल में एक नीम के पेड़ से आर्थिंग तार के फंदे के सहारे लटका हुआ मिला।इस हृदयविदारक घटना की खबर जैसे ही गांव में फैली, आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार महतो बीते मंगलवार को अपने घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।परिवार के सदस्यों ने सगे-संबंधियों और आसपास के संभावित ठिकानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन मुकेश का कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।बताया जा रहा है कि घर से निकलने से पूर्व मुकेश का अपनी पत्नी के साथ किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था।इसी विवाद के बाद वह काफी नाराज चल रहा था और गुस्से में ही घर छोड़कर चला गया।परिजनों को अंदेशा नहीं था कि वह इस तरह का खौफनाक कदम उठा लेगा।
गुरुवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण रोजमर्रा की तरह जंगल की ओर गए, तो उनकी नजर नीम के पेड़ से लटके हुए शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया।पुलिस ने घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की और फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले में आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पत्नी के साथ हुए विवाद के अलावा क्या कोई अन्य कारण भी था जिसने मुकेश को यह कठोर कदम उठाने पर मजबूर किया।

