स्कूली छात्रों से भरा ऑटो दुर्घटनाग्रस्त, एक छात्र की मौत, करीब एक दर्जन बच्चे घायल

 

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के अक्सी रोड स्थित स्कूल के छात्रों से भरी ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में एक बच्चे की मौत हो गई जबकि 10 से अधिक बच्चे घायल हो गए। घायलों में 4 बच्चों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक इलाज करने के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।महुआडांड़ में स्कूली बच्चों को लेकर ऑटो जा रही थी। बताया जा रहा है कि ऑटो में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था और इसकी रफ्तार भी तेज थी। इसी दौरान ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।घटना के बाद बच्चों के रोने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस को दी।घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम विपिन दुबे के निर्देश पर पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायल बच्चों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं एसडीएम ने चिकित्सीय टीम को भी अलर्ट कर दिया था। जहां चिकित्सकों ने सभी घायल बच्चों का इलाज शुरू किया। हालांकि जांच के बाद 12 वर्षीय अंकुर मिंज को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य बच्चों का प्राथमिक इलाज आरंभ किया गया है।इनमें 4 बच्चों की स्थिति अत्यंत गंभीर होने की वजह से प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्चों के अभिभावकों की भीड़ भी अस्पताल में लग गई। घायल बच्चों को देखकर अभिभावकों में अफरा तफरी का माहौल देखा गया। इधर घटना के बाद ऑटो चालक और सह चालक घटनास्थल से फरार हो गए।इस कारण अभिभावकों में नाराजगी भी देखी जा रही थी।

एसडीएम ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद राहत टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर सभी घायल बच्चों को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया। घटना में एक बच्चे की मौत हुई है जबकि कई और बच्चे घायल हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है।दुर्घटना कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है। ऑटो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

error: Content is protected !!