Ranchi:कट्टा सटाकर वेटर से 25 हजार और मोबाइल छीना, विरोध करने पर पीटा….बाइक, हथियार और कारतूस छोड़ भागे अपराधी,पुलिस ने किया जब्त
राँची। राजधानी राँची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में देर रात हथियार के बल पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पार्टी कैटरिंग में काम करने वाले एक युवक से अपराधियों ने देसी कट्टा सटाकर 25 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया, जबकि उसके साथी से भी नकदी छीन ली। विरोध करने पर दोनों युवकों के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधी फरार हो गए। पीड़ित अमित कुमार (21) जो हेसलपीढ़ी (ठाकुरगांव) वर्तमान में हतमा मोरहाबादी में रहता है, उसने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया कि वह 29 अप्रैल की शाम अपने दोस्तों पंकज और अमन कुमार के साथ लटमा हटिया में आयोजित एक पार्टी में कैटरिंग का काम करने गया था। पार्टी समाप्त होने के बाद 29-30 अप्रैल की आधी रात करीब 1 बजे तीनों अरगोड़ा चौक पहुंचे। यहां पंकज अन्य दोस्तों को छोड़ने कांके की ओर चला गया, जबकि अमित और अमन पैदल पुंदाग की ओर अपने परिचित के घर जा रहे थे।
अंधेरे का फायदा उठा कर भाग निकले अपराधी
इसी दौरान पुराना अरगोड़ा चौक से पुंदाग रोड पर आगे बढ़ते ही बिना नंबर प्लेट की यामाहा बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने पहले उनका नाम-पता पूछा और फिर अचानक एक आरोपी ने देसी कट्टा निकालकर अमित के माथे पर सटा दिया। इसके बाद उसके पास मौजूद कैटरिंग मालिक के 25 हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। वहीं अमन कुमार से भी करीब 1000 रुपये लूट लिए। जब दोनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने हेलमेट से उनके साथ मारपीट की, जिससे दोनों के माथे पर चोट आई। छिनतई के दौरान अपराधियों का कट्टा और एक गोली मौके पर गिर गया। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों के साथ मिलकर आसपास सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान घटनास्थल से अपराधियों द्वारा छोड़ी गई यामाहा मोटरसाइकिल , एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और क्रॉस कंपनी की एक जोड़ी सफेद चप्पल बरामद की गई है। फिलहाल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बरामद बाइक के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश तेज कर दी गई है।

