राँची में ‘किडनैप बनाम ब्लैकमेल’ का संग्राम: एक ही मामले में दोनों पक्षों ने दर्ज कराई एफआईआर–
–एक पक्ष ने 50 लाख की फिरौती के लिए अपहरण का आरोप लगाया, दूसरे ने 10 लाख की रंगदारी व जानलेवा हमले का किया दावा…
राँची। राजधानी राँची में एक ही घटना को लेकर दो अलग-अलग और गंभीर आरोपों के साथ दोनों पक्षों द्वारा सदर थाना राँची में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने से मामला पेचीदा हो गया है। एक ओर आदित्य पांडे ने अभय तिवारी समेत सात लोगों पर अपहरण कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने, मारपीट और लूट का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर अभय तिवारी ने आदित्य पांडे पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, ब्लैकमेलिंग, रैकी और जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की सच्चाई तक पहुंचने के लिए दोनों एफआईआर के आधार पर जांच में जुट गई है।
पहला आरोप: एसयूवी से किडनैप, पिस्तौल सटाकर 50 लाख की मांग
नामकुम निवासी आदित्य पांडे (32) के अनुसार, 28 अप्रैल की रात कोकर इंडस्ट्रियल एरिया के पास अभय तिवारी, उसके साले गौरव और सौरभ, बड़ा भाई अक्षय तिवारी, संदीप भंवरिया, मुस्ताक अंसारी और उमेश नायक ने उसे जबरन एसयूवी में बैठाकर अगवा कर लिया। आरोप है कि आंख पर पट्टी बांधकर अज्ञात स्थान पर ले जाकर उसे एक कमरे में बंद कर बारी-बारी से पीटा गया और पिस्तौल सटाकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। इस दौरान आरोपियों के दो साथी उसके घर पहुंचे और एक्सीडेंट का बहाना बनाकर परिजनों को वहां लाया गया। पीड़ित के मुताबिक, उसके पिता से 1.5 लाख रुपये नकद और सोने की चेन छीन ली गई। साथ ही उससे जबरन कागज पर हस्ताक्षर कराए गए और एक सप्ताह में बाकी रकम देने की धमकी दी गई।
दूसरा आरोप: वीडियो बनाकर रैकी, 10 लाख की मांग और हमला
वहीं अभय कुमार तिवारी (31), जो वर्तमान में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, ने सदर थाना में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि आदित्य पांडे पिछले कई महीनों से उन्हें ब्लैकमेल कर रहा था और 10 लाख रुपये की मांग कर रहा था। अभय तिवारी के अनुसार, 28 अप्रैल की रात आदित्य उनका पीछा कर वीडियो बना रहा था और पैसे नहीं देने पर बदनाम करने की धमकी दे रहा था। इतना ही नहीं, 29 अप्रैल की शाम आदित्य पांडे अपने 8-10 साथियों के साथ उनके साले सौरव पांडे पर सैलून से बाहर निकालकर जानलेवा हमला किया और 10 हजार रुपये व मोबाइल फोन छीन लिया। जब अभय तिवारी मौके पर पहुंचे तो उन पर भी हमला किया गया।

