खुलासा जो रोंगटे खड़ा कर दे:गया से प्रेमी व उसके साथियों को कार से बुलवाया, मां की चाकू से गला काट व सफाई करने वाले वाइपर से मार की हत्या, फिर पिज्जा मंगा कर खाई बेटी…

 

22 अप्रैल को ही हत्या करने की थी योजना, लेकिन घर के आसपास कुछ लोग थे इसलिए वापस लौट गए थे हत्यारे, 24 को फिर कार बुक कर आए थे रात 8 बजे, हत्या कर 3 बजे भोर में निकले थे सभी चार आरोपी

-मां के खाते थे 20 लाख रुपए, गोद ली हुई बेटी ने उसमें से 11 लाख रुपए निकाल कर दे दिए थे अपने प्रेमी को, इसी बात का विरोध कर रही थी मां, जो बना उसके हत्या का कारण

 

राँची।राजधानी राँची के डोरंडा में हुए 50 वर्षीय नाहिद परवीन हत्याकांड का राँची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस कांड के तीन आरोपियों समीर खान (20 वर्ष), अरबाज खान (20 वर्ष) और मृतक की दत्तक पुत्री (नाबालिग) को गिरफ्तार किया है। हत्या की यह कहानी सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि भरोसे के कत्ल की है। उस मां की, जिसने अपनी गोद सूनी नहीं रहने दी, एक बच्ची को अपनाया, उसे पढ़ाया-लिखाया, जिंदगी दी। लेकिन उसी बेटी ने अपने प्रेमी के लिए उसकी सांसें छीन लीं। नाहिद परवीन की हत्या उसकी बेटी ने इतने नृशंस तरीके से करवाई कि कोई भी इस पूरी कहानी को सुन कर बौखला जाएगा। नाहिद की नाबालिग बेटी अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या 22 अप्रैल को ही करने वाली थी। 22 को ही उसका प्रेमी अपने अन्य तीन साथियों के साथ गया से राँची पहुंचा था। लेकिन उस दिन घर के आसपास कुछ लोग थे इस वजह से उसकी प्लानिंग विफल हो गई। सभी वापस गया चले गए। दो दिन बाद 24 अप्रैल को फिर सभी एक कार बुक कर गया से राँची आए। नाहिद की बेटी ने चारों को अपने घर में रात 8 बजे अंदर घुसाया। नाहिद जानती थी कि अरबाज उसका ब्याय फ्रेंड है। उसे लगा कि वह िकसी काम से आया होगा। लेकिन योजना तो कुछ और थी। सभी ने मिलकर पहले एक चाकू से नाहिद का गला काटा। फिर उसके सिर में पीछे घर सफाई करने वाले वाइपर से मारकर सिर फाड़ दिया। उसके शरीर में भी कई जगहों पर वाइपर से मारा गया। काफी खून गिरने की वजह से ही नाहिद की मौत हो गई थी। नाबालिग बेटी के प्रेमी अरबाज ने नृशंसता की और हद पार कर दी जब उसने यह देखने के लिए कि वह मरी है कि नही उसका गला दबाया। जब नाहिद परवीन के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई तब उन लोगो ने कहानी रची की कोई आए तो बोलना की बाथरूम में गिरने से उसकी मौत हुई है। रात तीन बजे सभी आरोपी हत्या करने के बाद कार से वापस गया निकल गए। उनके जाने के बाद नाहिद की बेटी घर में अकेली थी। उसे तनिक भी यह अफसोस नहीं था कि उसने अपनी मां कि हत्या करवा दी है। उसने रात में पिज्जा आर्डर किया। पिज्जा खाया और उसका डब्बा घर में ही किनारे फेंक दिया।

हत्या के बाद खून से सना चादर पलंग के नीचे रख छोड़ा था, वहीं बना साक्ष्य

हत्या करने के बाद आरोपियों ने देखा कि कमरे में और बिस्तर पर काफी खून फैल गया है। कमरे में ज्यादा खून देख कर कोई शक न करे ले आरोपियों ने बेडशीट व तकिया को हटा कर पलंग के नीचे डाल दिया। परिजनों को आने में देर होगी, इसलिए शव को रखने वाला फ्रीजर मंगाया गया। डीप फ्रीजर में शव रखने के बाद शरीर इतना ठंडा पड़ गया कि खून जो निकल रहा था वह निकलना बंद हो गया। जब बाहर रहने वाले उसके परिजन घर पहुंचे तो नाहिद की नाबालिग बेटी ने बताया कि वह बाथरूम में गिर गई थी।

एक रिश्तेदार ने ले ली थी तस्वीर, उसी को देख बढ़ता गया संशय और खुला राज

जब नाहिद परवीन के शव को अंतिम रस्म से पहले नहलाया जा रहा था, तब गर्दन और शरीर पर कई जगह चोट के निशान घर की एक महिला को दिखा। उसने अपने मोबाइल से तस्वीर ले ली। परिजनों ने शुरू में इसे नजरअंदाज कर दिया। किसी को अंदेशा भी नहीं था कि यह मौत नहीं, एक सोची-समझी हत्या है। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। शव को मिट्टी देने के बाद जब उस फोटो को परिजनों ने देखना शुरू किया तो उन्हें शंका हुई। परिजनों ने नाबालिग से पूछताछ शुरू की। पूछताछ होने लगी तो नाबालिग डर गई और उसने एक नई कहानी रच डाली। उसने बताया कि तीन लड़के मास्क पहन कर आए थे। उसकी मां नाहिद ने उनसे कुछ रुपए उधार लिए थे। पैसे नहीं देने की वजह से उन तीनों ने उसकी मां की हत्या कर दी और उसे धमका कर गए कि किसी को बताया तो अच्छा नहीं होगा। नाबालिग ने बताया कि वह डर गई थी। इस लिए घटना के बाद परिजनों को इसकी जानकारी नहीं दी।

मुहल्ले के एक व्यक्ति ने तस्वीर देखी तो पुलिस को पूरी बात बताई

मुहल्ले के एक व्यक्ति ने नाहिद परवीन की तस्वीर देखी तो उसने भी नाबालिग से पूछताछ की। उसे भी नाबालिग ने वहीं कहानी बताई जो परिजनों को बताया था कि तीन लड़के आए थे। फिर उस व्यक्ति ने डोरंडा थाना को पूरी घटना की जानकारी दी। डोरंडा की थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद ने मामला सुना तो पहले तो सन्न रह गई फिर तुरंत घटना स्थल पर पहुंचा। नाबालिग को थाने लाई। उससे पूछताछ की। उसने फिर वहीं पुरानी कहानी थाना प्रभारी को भी सुनाया कि तीन लड़के मास्क लगा कर आए थे। मां ने पैसे उधार लिए थे इसलिए उन तीनों ने हत्या कर दी। जब थाना प्रभारी ने नाबालिग को कहा कि वह उसे बचा लेगी अगर वह सच बता दे। इसके बाद नाबालिग ने पूरी घटना बताई कि उसने मां कि हत्या अपने प्रेमी अरबाज के साथ मिलकर कराई। क्योंकि अरबाज को उसने एक साल के अंदर मां के एकाउंट से 11 लाख रुपए निकाल कर दिए थे। इसी बात से मां नाराज थी। पुलिस फिर उसके घर पहुंची। घर के बेड के नीचे से बेडशीट, तकिया, वाइपर बरामद किया।

नाबालिग की गोद लेने की कहानी भी है अजीब

डोरंडा में एक परिवार काफी गरीब था। उसकी दो बेटियां थी। उसकी पत्नी बीमार रहती थी। पत्नी का इलाज कराने के लिए उसने अपनी दोनों बेटी को दो परिवार को गोद दे दिया था। एक को नाहिद परवीन ने गोद लिया था क्योंकि उनकी कोई संतान नहीं थी। नाहिद की नाबालिग बेटी मात्र 10वीं तक ही किसी तरह पढ़ सकी। उसे अरबाज जो ड्राइवर का काम करता है इश्क हो गया था। उसने नाबालिग को फंसा कर उसकी मां के खाते से पैसे निकलावा कर ऐंठता रहा।

error: Content is protected !!