ढोल-नगाड़े बजाकर गैंगस्टर राहुल सिंह के घर पहुंची पुलिस, न्यायालय का इश्तेहार चस्पा; सरेंडर नहीं किया तो बढ़ेंगी मुश्किलें
लातेहार।झारखण्ड पुलिस के लिए लंबे समय से चुनौती बने कुख्यात गैंगस्टर राहुल सिंह पर पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उसकी तलाश में जुटी चंदवा पुलिस सोमवार को न्यायालय के आदेश पर ढोल-नगाड़े बजाते हुए उसके घर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में इश्तेहार चस्पा किया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
एसपी कुमार गौरव के निर्देशन में चंदवा थाना की पुलिस टीम दल-बल के साथ चंदवा थाना क्षेत्र के चेतर गांव पहुंची। यहां राहुल सिंह के आवास पर न्यायालय द्वारा जारी इश्तेहार चिपकाने की प्रक्रिया पूरी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ढोल-नगाड़े बजवाकर ग्रामीणों को एकत्र किया, ताकि न्यायालय के आदेश और पुलिस की कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक रूप से लोगों तक पहुंच सके।
यह कार्रवाई चंदवा थाना कांड संख्या 99/2025 के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार, संबंधित मामले में राहुल सिंह लंबे समय से फरार चल रहा है और उसकी तलाश की जा रही है। न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार तामिला की कार्रवाई की गई है। इसके माध्यम से उसे न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने का संदेश दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब राहुल सिंह के सामने कानून के समक्ष पेश होने का विकल्प है। निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद यदि वह न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है, तो उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इसमें न्यायालय के निर्देशानुसार कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया भी शामिल हो सकती है।
गौरतलब है कि राहुल सिंह का नाम झारखण्ड में संगठित अपराध और आपराधिक गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को उसकी घेराबंदी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि न्यायालय के इश्तेहार के बाद राहुल सिंह कानून के सामने पेश होता है या पुलिस को उसके खिलाफ अगली कानूनी कार्रवाई करनी पड़ती है।इश्तेहार तामिला की इस कार्रवाई के दौरान पुअनि अजीत कुमार, पुरण सिंह समेत चंदवा थाना के पुलिस जवान मौजूद थे।

