9 हजार रुपये घूस लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार, सरकारी भुगतान के बदले घूस मांगने का आरोप
हजारीबाग।झारखण्ड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड में ACB की टीम ने कराली पंचायत के पंचायत सचिव तालेश्वर राम को कथित तौर पर 9,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पंचायत में पीसीसी सड़क निर्माण योजना की बकाया राशि के भुगतान के एवज में आवेदक से रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने पहले आरोपों का सत्यापन कराया और फिर ट्रैप टीम गठित कर आरोपी को पकड़ लिया।
ACB की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, केरेडारी प्रखंड के केमो गांव निवासी 78 वर्षीय दिगंबर पांडेय ने 15वें वित्त आयोग की योजना के तहत कालीकरण पीसीसी सड़क से देवी मंडप तक पीसीसी पथ निर्माण का कार्य कराया था। इस योजना की स्वीकृत राशि 3 लाख 38 हजार रुपये थी। इसमें करीब 2 लाख 84 हजार रुपये का भुगतान हो चुका था, जबकि शेष राशि का भुगतान होना बाकी था।
आवेदक का आरोप था कि बकाया राशि के भुगतान के लिए पंचायत सचिव तालेश्वर राम से संपर्क करने पर उनसे 9,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई। आवेदक ने रिश्वत देने के बजाय भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का दरवाजा खटखटाया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिश्वत मांगने के आरोपों का तकनीकी माध्यम से सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए जाने के बाद हजारीबाग ACB थाना में कांड संख्या 11/2026, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया।
इसके बाद बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को दंडाधिकारी और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में ACB की गठित ट्रैप टीम ने कार्रवाई की। टीम ने पंचायत सचिव तालेश्वर राम को कथित तौर पर 9,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
ACB की इस कार्रवाई से केरेडारी प्रखंड में सरकारी योजनाओं के भुगतान में कथित रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। फिलहाल गिरफ्तार पंचायत सचिव के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहा है।

