हजारीबाग में हाईकोर्ट की महिला अधिवक्ता की संदिग्ध मौत से सनसनी, फ्लैट में मिला शव; पति पर प्रताड़ना का आरोप

 

हजारीबाग। झारखण्ड के हजारीबाग में हाईकोर्ट की महिला अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। उनका शव बंगाली कॉलोनी स्थित गुप्ता परिसर के फ्लैट नंबर 304 से बरामद किया गया। घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतका के पिता ने अपने दामाद कुशाग्र रुद्र पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है।सूचना मिलते ही बड़ा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। वहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

 

तीन साल पहले की थी लव मैरिज, अब संदिग्ध मौत
बताया जा रहा है कि अनुष्का चक्रवर्ती ने करीब तीन साल पहले कुशाग्र रुद्र से प्रेम विवाह किया था। दोनों गुप्ता परिसर के फ्लैट नंबर 304 में साथ रहते थे। अब अनुष्का की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

कोड लॉक से बंद था फ्लैट का दरवाजा, ड्राइवर की मदद से खुला

घटना से जुड़ी एक अहम जानकारी यह भी सामने आई है कि फ्लैट का दरवाजा कोड लॉक से बंद था। बाद में ड्राइवर की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।

पति के गायब होने की चर्चा, पुलिस कर रही संपर्क की कोशिश
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद कुशाग्र रुद्र फ्लैट पर नहीं मिला। बताया जा रहा है कि वह अपने पालतू कुत्ते को भी साथ ले गया है। पुलिस उससे संपर्क करने का प्रयास कर रही है, लेकिन फिलहाल संपर्क नहीं हो पाया है। हालांकि, पति के गायब होने और घटना के बीच संबंध को लेकर पुलिस की ओर से कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

 

पुलिस बोली-पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
बड़ा बाजार थाना प्रभारी मुकेश रजक ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतका के पिता ने पति पर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के बाद ही अनुष्का की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल हाईकोर्ट की महिला अधिवक्ता की संदिग्ध मौत का मामला हजारीबाग में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं।

 

 

error: Content is protected !!