पाकुड़ में विवाहिता से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, एक महीने बाद दर्ज हुई प्राथमिकी; आरोपी गिरफ्तार
पाकुड़। जिले के मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने गौरीपुर गांव निवासी राहुल मंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की पुष्टि मालपहाड़ी ओपी प्रभारी विवेक कुमार ने की है।
घर में अकेली थी महिला, जबरन घुसने का आरोप
पीड़िता की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, घटना के समय वह अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान राहुल मंडल कथित तौर पर जबरन घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
एसपी के निर्देश पर बनी एसआईटी, छापेमारी में गिरफ्तारी
परिजनों के साथ मालपहाड़ी ओपी पहुंची पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कांड संख्या 239/26 दर्ज किया। इसके बाद पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया। टीम ने छापेमारी कर आरोपी राहुल मंडल को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, मामले में पुलिस की जांच जारी है।
एक महीने बाद शिकायत, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
मालपहाड़ी ओपी प्रभारी विवेक कुमार के मुताबिक, घटना करीब एक महीने पुरानी है। पीड़िता ने घटना के लगभग एक महीने बाद पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

