राँची में चोरी की साइकिलों को लेकर भाइयों में विवाद, गुस्से में पल्सर बाइक फूंकी; डिक्की में रखे 10 हजार भी जले
राँची। राजधानी राँची के सदर थाना क्षेत्र के कोकर गढ़ाटोली स्थित गौस नगर में चोरी की तीन साइकिलें घर लाने का विरोध करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध से नाराज भाई ने पहले घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और गाली-गलौज की, फिर सुबह करीब पांच बजे बजाज पल्सर एन-160 मोटरसाइकिल में आग लगा दी। आग में बाइक के साथ डिक्की में रखे 10 हजार रुपये नकद भी जल गये।
पीड़ित मो. मेराज शेख ने पुलिस को दी शिकायत में अपने भाई मो. इदुल अंसारी पर आरोप लगाया है कि वह चोरी की तीन साइकिलें घर लाना चाहता था। इसका विरोध करने पर आरोपी दीवार फांदकर घर में घुस आया और मारपीट करने लगा। इस दौरान घर में तोड़फोड़ भी की गयी।
सुबह पांच बजे बाइक में लगायी आग
शिकायत के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी सुबह करीब पांच बजे दोबारा दीवार फांदकर घर में घुसा और मोटरसाइकिल में आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक आग की लपटों में घिर गयी। डिक्की में रखे 10 हजार रुपये भी जलकर नष्ट हो गये।
गैस सिलेंडर तक पहुंचने लगी थी आग, टला बड़ा हादसा
आग की लपटें पास में रखे गैस सिलेंडर तक पहुंचने लगी थीं। हालांकि, परिजनों ने समय रहते मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पीड़ित के अनुसार, घटना के वक्त घर पर अभिभावक मौजूद नहीं थे।मो. मेराज शेख ने अपने भाई के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

