लातेहार में जतरा मेले के बाद खूनी खेल: शराब के नशे में दो दोस्तों के बीच विवाद, एक की दर्दनाक हत्या

​लातेहार।जिले के चंदवा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां साथ मिलकर जतरा मेला देखकर लौट रहे दो दोस्तों के बीच शराब के नशे में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक दोस्त ने लोहे के भारी सामान से हमला कर अपने ही साथी की मौके पर ही जान ले ली।

​रास्ते में बिगड़ी बात, सिर पर किया वार

​मृतक की पहचान रखांत गांव निवासी जंतू लोहरा (पिता स्व. जगतु लोहरा) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जंतू अपने दोस्त शंकर भुइयां के साथ गुरुवार की रात लड़दाग में आयोजित जतरा मेला देखने गया था। मेले के दौरान दोनों ने शराब पी और फिर पैदल ही अपने गांव की ओर लौटने लगे।

​राँची-मेदिनीनगर एनएच-39 पर परहिया टोला के पास पहुंचते-पहुंचते किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर शंकर भुइयां ने वहां पड़े बिजली के लोहे के इंसुलेटर से जंतू लोहरा के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण जंतू की मौके पर ही मौत हो गई।

​पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

​सड़क किनारे लहूलुहान शव देखकर राहगीरों के बीच हड़कंप मच गया, जिसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चंदवा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

​पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शंकर भुइयां को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। चंदवा थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का सामान (इंसुलेटर) जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है और विवाद की असल वजह का पता लगाने में जुटी है।आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

error: Content is protected !!