बोकारो: बैंक जाने की बात कहकर निकलीं पूर्व मुखिया, फिर नहीं लौटीं घर; तलाश में जुटी पुलिस

 

बोकारो। झारखण्ड के बोकारो जिले में टांगटोना पंचायत की पूर्व मुखिया भानू वाला देवी उर्फ गुड़िया देवी (42) के अचानक लापता होने से परिवार के लोग परेशान हैं। कसमार प्रखंड के जानकुदर गांव की रहने वाली गुड़िया देवी गुरुवार को बैंक जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला। काफी तलाश के बाद परिजनों ने कसमार थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। अब पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

परिजनों के मुताबिक, गुड़िया देवी गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे ऑटो से कसमार स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। परिवार को उम्मीद थी कि वह बैंक का काम निपटाकर वापस लौट आएंगी, लेकिन देर तक घर नहीं पहुंचने पर चिंता बढ़ने लगी। जानकारी लेने पर पता चला कि वह न तो बैंक पहुंची थीं और न ही घर वापस लौटीं।

पति से एक दिन पहले हुई थी बातचीत
गुड़िया देवी के पति संतोष कुमार ने बताया कि वह काम के सिलसिले में बाहर रह रहे हैं। बुधवार को उनकी पत्नी से मोबाइल पर बातचीत हुई थी। उस समय सबकुछ सामान्य था। गुरुवार को घर से उनके लापता होने की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार के लोग उनकी खोजबीन में जुट गए।पति के अनुसार, गुड़िया देवी की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती है। ऐसे में उनके अचानक लापता होने से परिजन किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित हैं। हालांकि, उनके लापता होने के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

सभी थानों को अलर्ट, सोशल मीडिया से भी तलाश
मामले में कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। जिले के सभी थानों को गुड़िया देवी के लापता होने की जानकारी दे दी गई है। उनकी तस्वीर और गुमशुदगी से संबंधित सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रसारित की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंच सके।पुलिस उनके आने-जाने के संभावित रास्तों और लापता होने की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। इधर, परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को गुड़िया देवी के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस या परिवार को सूचित करें।

 

error: Content is protected !!