बोकारो में टेस्ट ड्राइव के दौरान भीषण हादसा, बाइक से टकराई नई कार, चूल्हे से भिड़ते ही लगी आग; दो गंभीर

 

बोकारो। झारखण्ड के बोकारो में नई कार की टेस्ट ड्राइव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सेक्टर-4 इलाके में टेस्ट ड्राइव पर निकली एक नई कार की सामने से आ रही मोटरसाइकिल से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक फुटपाथी होटल के चूल्हे से जा भिड़ी। इसके तुरंत बाद कार के अगले हिस्से में आग लग गई और देखते ही देखते ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। हादसे में बाइक सवार और कार चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर के बाद कार में लगी आग, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, नेक्सा शोरूम से एक ग्राहक नई कार की टेस्ट ड्राइव के लिए निकला था। इसी दौरान सेक्टर-4 इलाके में कार चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और सामने से आ रही मोटरसाइकिल से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क किनारे स्थित फुटपाथी होटल के चूल्हे से जा टकराई। इसके बाद कार में अचानक आग भड़क उठी। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त कार से आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और दमकल की तत्परता से टला बड़ा खतरा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा नुकसान होने से बच गया।

दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज
हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार और कार चालक को स्थानीय लोगों तथा पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

error: Content is protected !!