पटना में तड़के पुलिस-अपराधी मुठभेड़, कुख्यात शुभम उर्फ झामु का हाफ एनकाउंटर…जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

 

पटना। बिहार की राजधानी पटना में बुधवार की सुबह पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ से हड़कंप मच गया। फतुहा थाना क्षेत्र के नियाजीपुर गांव जाने वाली ग्रामीण सड़क पर पुलिस ने कुख्यात अपराधी शुभम उर्फ झामु का हाफ एनकाउंटर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोचकर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) भेज दियाघटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद की गई है।

गोदाम के पास छिपकर पुलिस पर की फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, जिला सूचना इकाई (DIO) और कदमकुआं थाने की पुलिस टीम शुभम उर्फ झामु का पीछा कर रही थी। पुलिस से घिरता देख वह NH-30 फोरलेन से निकलकर नियाजीपुर जाने वाली ग्रामीण सड़क पर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि उसने एक गोदाम के पास छिपकर पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें शुभम के पैर में गोली लग गई।

कदमकुआं पुलिस और DIO की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई में कदमकुआं थानाध्यक्ष जन्मजय राय, एसआई अनिल कुमार और जिला सूचना इकाई की टीम शामिल बताई जा रही है। मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस की गतिविधियां बढ़ा दी गईं। फतुहा एसडीपीओ अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। एफएसएल टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। ग्रामीण एसपी के भी मौके पर पहुंचने की सूचना है।

PMCH में इलाज, जांच में जुटी पुलिस
घायल शुभम उर्फ झामु का PMCH में इलाज चल रहा है। पुलिस घटनास्थल से बरामद पिस्टल और मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग की जांच कर रही है। पूरे मामले में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

 

error: Content is protected !!