गिरिडीह में खूनी हमला… लाठी-कुल्हाड़ी से पत्नी और चाची पर बरपा कहर, 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
गिरिडीह। झारखण्ड के गिरिडीह जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गावां थाना क्षेत्र के धनेता गांव में बसंत भुला पर अपनी पत्नी और 80 वर्षीय चाची पर लाठी और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने का आरोप है। हमले में गंभीर रूप से घायल चाची शांति देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पत्नी कारी देवी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं। पुलिस ने आरोपी बसंत भुला को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना शुक्रवार शाम की है।पुलिस के अनुसार, बसंत भुला ने पहले अपनी 30 वर्षीय पत्नी कारी देवी पर जंगल में लाठी से हमला किया। इसके बाद घर पहुंचकर कुल्हाड़ी से वार किया। आरोप है कि उसने अपनी चाची शांति देवी को भी निशाना बनाया। अचानक हुए इस हमले से गांव में सनसनी फैल गई।
सदर अस्पताल में तोड़ा दम
हमले में घायल दोनों महिलाओं को पहले गावां अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 80 वर्षीय शांति देवी ने दम तोड़ दिया, जबकि कारी देवी का उपचार जारी है।वहीं,पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कर लिए भेजा और आगे की जांच जारी है।
दो दिन से भूखा था आरोपी, मानसिक हालत ठीक नहीं होने का दावा
घायल कारी देवी के मुताबिक, उनके पति की मानसिक हालत ठीक नहीं है और उन्होंने पिछले दो दिनों से कुछ नहीं खाया था। हालांकि, हमले की असली वजह और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच पुलिस कर रही है।फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। एक बुजुर्ग महिला की मौत और दूसरी महिला के गंभीर रूप से घायल होने की इस घटना से इलाके में चर्चा का माहौल है।

