दुमका में नौवीं की छात्रा का झाड़ियों में मिला शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से उबाल, ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश; जांच में जुटी पुलिस

दुमका। झारखण्ड के दुमका जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक आदिवासी छात्रा का शव गांव के पास झाड़ियों से बरामद किया गया है। छात्रा का शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


स्कूल से घर लौटी, फिर गाय खोलने गई थी छात्रा
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से अपने घर लौटी थी। घर आने के बाद उसने खाना खाया और फिर रोजाना की तरह गाय खोलने के लिए मैदानी और खेत वाले इलाके की ओर चली गई। परिवार के लोगों को उम्मीद थी कि वह कुछ देर में वापस लौट आएगी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी छात्रा घर नहीं पहुंची।इस बीच गाय शाम में अकेले घर लौट आई, लेकिन छात्रा का कोई पता नहीं चला। गाय के घर लौटने और बेटी के लापता रहने से परिजनों की चिंता बढ़ गई। पहले परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। जब काफी देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो ग्रामीणों की मदद से खोजबीन तेज कर दी गई।

गांव के पास झाड़ियों में मिला शव, मच गई अफरा-तफरी
छात्रा की तलाश के दौरान गांव के पास झाड़ियों में उसका शव बरामद हुआ। शव देखते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जिस बेटी को परिवार के लोग सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद में तलाश रहे थे, उसकी इस हालत में बरामदगी से गांव में मातम और आक्रोश का माहौल बन गया।

घटना की सूचना तत्काल काठीकुंड पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर संभावित पहलू की पड़ताल कर रही है।

दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
नाबालिग आदिवासी छात्रा का शव झाड़ियों से मिलने के बाद उसके साथ किसी गंभीर अपराध को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताया जा रहा है। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों और अन्य जांच संबंधी तथ्यों के आधार पर यह पता लगाना होगा कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

देर रात घटनास्थल पर पहुंचे DSP, रातभर चली छानबीन
मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और जांच की दिशा में जरूरी कार्रवाई की। थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर डटे रहे। पुलिस ने आसपास के इलाके में छानबीन करते हुए घटना की परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया।छात्रा की मौत के बाद ग्रामीणों में भय और गहरा आक्रोश है।

इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। एक नाबालिग छात्रा का शव इस तरह बरामद होना ग्रामीणों के लिए बड़ा सदमा है। परिजन अपनी बेटी की मौत की परिस्थितियों का खुलासा चाहते हैं। वहीं, ग्रामीणों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।

 

error: Content is protected !!