राँची में हत्या की साजिश नाकाम, लोडेड पिस्टल लेकर खड़ा था मुख्य आरोपी; दो नाबालिग साथी भी गिरफ्तार
राँची। कांके पुलिस ने हत्या की धमकी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले मुख्य आरोपी हेमंत मुंडा और उसके दो नाबालिग साथियों को दबोच लिया। तीनों संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास संदिग्ध हालत में खड़े थे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान हेमंत मुंडा के पास से लोडेड देशी पिस्टल और 7.65 एमएम का कारतूस बरामद हुआ।
मामला 5 अक्टूबर को सामने आया था, जब पीड़ित युवक के पिता बबलू नायक ने कांके थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि होचर गांव निवासी हेमंत मुंडा और अन्य लोगों ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हेमंत मुंडा अपने दो साथियों के साथ संग्रामपुर ओवरब्रिज के नीचे मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस बल को देखते ही तीनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी में मुख्य आरोपी हेमंत मुंडा उर्फ हेमानंद मुंडा (22 वर्ष) की कमर से सिल्वर रंग की देशी पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल को अनलोड करने पर उसमें 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस मिला। पुलिस ने हथियार के संबंध में वैध कागजात मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।इसके अलावा आरोपियों के पास से दो स्मार्टफोन भी बरामद किए गए। पुलिस ने सभी सामान की विधिवत जब्ती सूची तैयार कर उसे जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, हथियार बरामद होने के बाद हेमंत मुंडा के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मुख्य आरोपी को जेल भेजने तथा दोनों नाबालिग आरोपियों को रिमांड होम भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से फिलहाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की आशंका टल गई है।

