JSSC-CGL धांधली में सीआईडी ने फरार सौरभ के घर चिपकाया इश्तेहार,अभय तिवारी का साला है आरोपी
गिरिडीह। JSSC-CGL धांधली मामले में सीआईडी ने फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को सीआईडी की टीम ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के हाथबोर गांव पहुंचकर मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त सौरभ कुमार उर्फ सौरभ पांडेय के पैतृक आवास पर इश्तेहार चिपकाया। सौरभ को मास्टरमाइंड अभय तिवारी का साला बताया जा रहा है।
सीआईडी थाना राँची कांड संख्या 16/26 से जुड़े इस मामले में सौरभ कुमार लंबे समय से फरार चल रहा है। गिरफ्तारी से बच रहे आरोपी पर दबाव बनाने के लिए जांच एजेंसी ने अब इश्तेहार की कार्रवाई की है। इश्तेहार के जरिए उसे न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है। तय समय सीमा में सरेंडर नहीं करने पर उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को सीआईडी की टीम बेंगाबाद थाना पहुंची। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम हाथबोर गांव स्थित सौरभ के पैतृक घर गई। वहां नियमानुसार इश्तेहार चिपकाया गया। कार्रवाई के दौरान गांव में भी मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई।
अभय तिवारी की गिरफ्तारी के बाद सामने आया बेंगाबाद कनेक्शन
JSSC-CGL धांधली मामले में अभय तिवारी की गिरफ्तारी के बाद जांच की कड़ियां बेंगाबाद तक पहुंचीं। इसके बाद सीआईडी ने इलाके में जांच और संदिग्धों से पूछताछ तेज कर दी। इसी क्रम में अभय तिवारी के ससुर और हथबोर निवासी विकास पांडेय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। वहीं, अभय तिवारी की पत्नी और विकास पांडेय की बेटी को भी सीआईडी गिरफ्तार कर चुकी है।
समीर की गिरफ्तारी के बाद सौरभ पर भी शिकंजा
मामले में बेंगाबाद निवासी अभ्यर्थी समीर कुमार उर्फ शालू की गिरफ्तारी भी सीआईडी कर चुकी है। जांच के दौरान सौरभ कुमार का नाम सामने आने के बाद से एजेंसी उसकी तलाश कर रही थी। लगातार फरार रहने के बाद अब उसके घर पर इश्तेहार चिपकाया गया है।सीआईडी की कार्रवाई से साफ है कि जांच एजेंसी मामले में जुड़े संदिग्धों और उनके संपर्कों तक पहुंचने में जुटी है। बेंगाबाद में लगातार हो रही कार्रवाई के बाद JSSC-CGL धांधली मामले से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।

