Ranchi:तालाब में नहाने उतरा युवक गहरे पानी में समाया, एक घंटे बाद NDRF ने निकाला शव
राँची। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हुंडरू तालाब में शुक्रवार की दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नहाने के दौरान एक व्यक्ति अचानक गहरे पानी में डूब गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय गोताखोरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन डूबे व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल सका। आखिरकार NDRF की टीम को बुलाया गया, जिसने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तालाब से शव बरामद किया।
मृतक की पहचान पलटू लोहरा के रूप में हुई है। बताया गया कि पलटू लोहरा एयरपोर्ट के पीछे स्थित बस्ती में रहता था। शुक्रवार दोपहर वह हुंडरू तालाब में नहाने पहुंचा था। नहाने के दौरान वह तालाब के गहरे हिस्से में चला गया और अचानक पानी में डूब गया।
पलटू के डूबने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग तालाब के पास जमा हो गए। स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाना पुलिस के साथ NDRF की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक घंटे तक चले अभियान के बाद NDRF के जवानों ने तालाब से पलटू लोहरा का शव बाहर निकाल लिया।घटना की सूचना मिलने पर अरगोड़ा अंचल के सीओ और एयरपोर्ट थाना प्रभारी पंकज शर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जानकारी ली।
एयरपोर्ट थाना प्रभारी पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर हुंडरू तालाब में एक व्यक्ति के डूबने की सूचना मिली थी। स्थानीय गोताखोरों ने पहले शव की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद NDRF की टीम को बुलाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने शव बरामद कर लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

