Ranchi:गैस सिलेंडर नहीं मिला तो भड़का पुलिस जवान.. डिलीवरी कर्मी की पिटाई, गोली मारने और थाना में बंद कराने की धमकी का आरोप..
राँची। राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर की डिलीवरी को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने पहुंचे इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी के कर्मी सौरभ सिंह के साथ चुटिया थाना के टाइगर मोबाइल जवान गणेश सिंह ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़ित ने जवान पर गोली मारने और थाना में बंद कर देने की धमकी देने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
घटना को लेकर सौरभ ने चुटिया थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के अनुसार, सौरभ गैस सिलेंडर की डिलीवरी का काम करते हैं। 28 सितंबर 2026 को सोमवार करीब 11:30 बजे वह गैस सिलेंडर लेकर गणेश सिंह के घर पहुंचे थे। इसी दौरान गैस की डिलीवरी को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
देर से गैस पहुंचाने को लेकर हुआ विवाद
पीड़ित का आरोप है कि गणेश सिंह ने गैस देर से पहुंचाने को लेकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सौरभ ने गैस की बुकिंग नंबर की जानकारी मांगी, तो विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद गणेश सिंह ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आवेदन में सौरभ ने आरोप लगाया है कि उसके साथ मारपीट करने के बाद गणेश सिंह ने उसे गोली मारने और थाना में बंद कर देने की धमकी भी दी। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद वह काफी डरा हुआ है और उसे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है।
सौरभ ने पुलिस को दिए आवेदन में खुद को गरीब परिवार का बताते हुए मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है। उसने पुलिस से आरोपी जवान के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
जवान ने मारपीट से किया इनकार
वहीं, पूरे मामले में जवान गणेश सिंह ने मारपीट के आरोप से इनकार किया है। उसका कहना है कि गैस की डिलीवरी के दौरान उससे ज्यादा पैसे लिए जा रहे थे। इसी बात को लेकर उसने गैस कर्मी को सिर्फ डांट-फटकार की थी। जवान ने किसी तरह की मारपीट या धमकी देने की बात से इनकार किया है।
अब चुटिया थाना पुलिस के समक्ष दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे हैं। लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। गैस डिलीवरी को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिर मारपीट और धमकी तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।
इधर मारपीट में घायल सौरभ को पुलिस ने सदर अस्पताल इलाज के लिए भेजा।जहां इलाज कराया है।बताया कि सिर में चोट के कारण डॉक्टरों ने सिटी स्कैन कराने कहा है।

