लातेहार में 16 साल के छात्र का अपहरण, जंगल में गोली मारने का आरोप; रिम्स ले जाने के दौरान मौत, दो युवकों पर शक

 

लातेहार। लातेहार सदर थाना क्षेत्र में रविवार को 16 वर्षीय छात्र के अपहरण और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परसही गांव निवासी विकास पासवान को मिशन चौक के पास से दो युवकों द्वारा अगवा किए जाने का आरोप है। छात्र को कथित तौर पर पतकी जंगल की ओर ले जाकर मारपीट की गई और गोली मारी गई। गंभीर हालत में सड़क किनारे छोड़कर आरोपी फरार हो गए। बाद में स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसे लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया। हालांकि, राँची ले जाने के दौरान रास्ते में ही छात्र की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि विकास रविवार को लातेहार जिला मुख्यालय के मिशन चौक के पास था। इसी दौरान दो युवक उसे अपने साथ लेकर चले गए। आरोप है कि दोनों उसे NH किनारे स्थित पतकी जंगल की तरफ ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और गंभीर रूप से घायल कर सड़क किनारे छोड़ दिया गया।
कुछ देर बाद राहगीरों की नजर घायल छात्र पर पड़ी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया।

घायल विकास ने अस्पताल में अपने परिजनों और वहां मौजूद लोगों को घटना के संबंध में जानकारी दी थी। उसके मुताबिक, मोहम्मद अरबाज और एक अन्य युवक उसे जबरन अपने साथ ले गए थे। छात्र ने बताया था कि उससे एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और गोली मारने की बात भी उसने बताई।हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में छात्र के शरीर पर नुकीले हथियार से गंभीर चोट लगने की बात भी सामने आने की जानकारी दी गई है। गोली लगने की बात की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।

सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने छात्र की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर राँची के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और छात्र ने दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता के अनुसार, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।फिलहाल पुलिस छात्र के बयान, घटनास्थल, चोट के स्वरूप और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि उसके साथ वास्तव में क्या हुआ था और हत्या के पीछे की वजह क्या थी। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

 

error: Content is protected !!