100+ CCTV ने खोला चार साल के विवान के अपहरण का राज, धनबाद में पकड़ा गया ‘डॉन’, साहिबगंज से मासूम बरामद; 6 आरोपी गिरफ्तार

 

राँची/साहिबगंज। राँची रेलवे स्टेशन के बाहर से गुरुवार सुबह भीड़ के बीच अगवा किए गए चार वर्षीय मासूम विवान कुमार को आखिरकार पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। करीब तीन दिनों तक चले हाईप्रोफाइल सर्च ऑपरेशन में राँची पुलिस की एसआईटी ने CCTV फुटेज और तकनीकी इनपुट के जरिए बच्चे को साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ तक ट्रैक किया। रविवार सुबह तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाबूपाड़ा गांव में एक घर से बच्चे को बरामद कर लिया गया।

बच्चे की बरामदगी के साथ ही पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राँची स्टेशन से बच्चे को लेकर जाने वाला मुख्य आरोपी रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन, तीनपहाड़ का बिट्टू सिंह, पाकुड़ का कयूम अंसारी, राजमहल का जमादार शेख, तीनपहाड़ नीचे टोला का तसबीर शेख और बाबूपुर का छोटू नोनिया शामिल हैं। यानी पुलिस कार्रवाई में कुल छह आरोपियों के पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है।

100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालने के बाद मिला पहला सुराग

गुरुवार सुबह राँची रेलवे स्टेशन के बाहर से चार वर्षीय विवान के गायब होने के बाद पुलिस ने इसे सामान्य गुमशुदगी नहीं माना। CCTV में एक युवक बच्चे को अपने साथ ले जाते दिखाई दिया था। उसके आसपास चार-पांच अन्य युवक भी नजर आए थे। इसके बाद पुलिस ने संगठित गिरोह की आशंका समेत कई एंगल पर जांच शुरू की।राँची SSP राकेश रंजन के निर्देश पर SIT गठित की गई। सिटी SP के निर्देशन में सिटी DSP केवी रमन के नेतृत्व में तीन इंस्पेक्टर, आधा दर्जन से अधिक दारोगा और टेक्निकल टीम को लगाया गया। टीम ने स्टेशन और आसपास के इलाकों के 100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले और संदिग्धों की गतिविधियों की कड़ी जोड़नी शुरू की।

CCTV और टेक्निकल इनपुट से धनबाद तक पहुंची पुलिस, ‘डॉन’ गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को बच्चे को स्टेशन से बाहर ले जाने वाले युवक की पहचान के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने मुख्य संदिग्ध रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन, निवासी हाथीगढ़, तीनपहाड़ थाना क्षेत्र को ट्रैक किया।शनिवार देर रात राँची पुलिस ने उसे धनबाद में दबोच लिया। पूछताछ में बच्चे के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने के बाद पुलिस को साहिबगंज के तीनपहाड़ की दिशा में सुराग मिला।
इसके बाद राँची पुलिस ने साहिबगंज पुलिस से संपर्क किया और बच्चे की बरामदगी के लिए संयुक्त कार्रवाई शुरू हुई।

तीनपहाड़ में छापेमारी, घर से सकुशल मिला मासूम
रविवार सुबह चुटिया थाना की पुलिस साहिबगंज पहुंची।एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देश तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत सक्रिय हुए और संयुक्त ऑपरेशन शुरू हुई। पुलिस टीम ने बाबूपाड़ा गांव में छापेमारी की। यहां बिट्टू सिंह के घर से चार वर्षीय विवान को सकुशल बरामद कर लिया गया।पुलिस ने मौके से बिट्टू सिंह और पाकुड़ निवासी कयूम अंसारी को भी पकड़ लिया। इसके बाद राजमहल से जमादार शेख, तीनपहाड़ के नीचे टोला से तसबीर शेख और बाबूपुर गांव से छोटू नोनिया को गिरफ्तार किया गया।
मासूम को बरामद करने के बाद बच्चे और सभी आरोपियों को भी राँची लाया जा रहा है।

माँ ऑटो चालकों से कर रही थी बात, तभी भीड़ में गायब हो गया था विवान

दरअसल, छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर की रहने वाली दिलमेत राजवाड़े गुरुवार सुबह करीब 8:15 से 8:30 बजे के बीच अपने छह वर्षीय बेटी प्रिंसी कुमारी और चार वर्षीय बेटे विवान के साथ राँची रेलवे स्टेशन पहुंची थीं।महिला के अनुसार, उसने स्टेशन के एस्केलेटर के पास सामान रखा और दोनों बच्चों को अपने पास खड़ा कर दिया। इसके बाद वह अंबिकापुर जाने वाली बस के बारे में ऑटो चालकों से बातचीत करने लगी। इसी दौरान कुछ ही मिनट में विवान अचानक गायब हो गया।
काफी तलाश के बाद भी जब बच्चे का पता नहीं चला तो महिला ने चुटिया थाना पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बच्चे के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई।

अब पुलिस खंगाल रही है पूरी साजिश की कड़ी
शुरुआती जांच में CCTV में बच्चे को एक युवक द्वारा ले जाते हुए देखा गया था, जबकि उसके आसपास कई अन्य युवक भी नजर आए थे। इसी वजह से पुलिस ने किसी संगठित गिरोह की भूमिका की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा था।अब बच्चे की बरामदगी और कई संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवान को स्टेशन से किस मकसद से उठाया गया, उसे राँची से साहिबगंज तक कैसे पहुंचाया गया और इस पूरी घटना के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।SIT आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद राँची पुलिस की जांच अब अपहरण की पूरी साजिश का खुलासा करने पर केंद्रित हो गई है।



error: Content is protected !!