राँची में सीआरपीएफ जवान ने AK-47 से खुद को मारी गोली, मौके पर मौत,दो खोखे बरामद, FSL ने जुटाए साक्ष्य

राँची। राजधानी राँची के तिरिल स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ड्यूटी पर तैनात एक जवान ने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। घटना विधानसभा थाना क्षेत्र की है। गोली लगने से जवान की मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना के बाद सीआरपीएफ परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतक जवान की पहचान भुनेश्वर पाल के रूप में हुई है। वह पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल अंतर्गत हैदरनगर थाना क्षेत्र के इमलियाटीकर गांव के रहने वाले थे। उनके पिता का नाम रामलखन पाल बताया गया है। भुनेश्वर पाल तिरिल स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय में तैनात थे।

ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मारने की बात

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब सवा सात बजे भुनेश्वर पाल ड्यूटी पर थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी आवंटित AK-47 राइफल से खुद को गोली मार ली। बताया जा रहा है कि राइफल को ऑटोमेटिक मोड पर कर उन्होंने गोली अपनी गर्दन के पास चलाई। गोली आर-पार हो गई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण जवान की मौके पर ही मौत हो गई।

गोली चलने की तेज आवाज सुनकर CRPF परिसर में मौजूद सहकर्मियों में हड़कंप मच गया। जवान मौके पर पहुंचे तो भुनेश्वर पाल गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। तत्काल इसकी सूचना CRPF के वरीय अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी गई।

दो खोखे बरामद, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दो इस्तेमाल किए गए कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए FSL की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।

FSL टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट समेत अन्य तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं CRPF के वरीय अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। पुलिस और CRPF अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित किया गया है।

घरेलू परेशानी को लेकर तनाव में होने की चर्चा

प्राथमिक जानकारी और कुछ सहकर्मियों के अनुसार, भुनेश्वर पाल पिछले कुछ दिनों से घरेलू समस्या को लेकर परेशान बताए जा रहे थे। हालांकि, उन्होंने इतना बड़ा कदम किस वजह से उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। कुछ सूत्रों ने उनके तनाव में रहने की बात कही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना से पहले जवान की किन लोगों से बातचीत हुई थी और क्या कोई व्यक्तिगत या पारिवारिक परेशानी चल रही थी। घटना से जुड़े सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मृतक जवान के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस परिजनों के बयान समेत अन्य तथ्यों को जुटा रही है।

फिलहाल CRPF मुख्यालय में हुई इस घटना ने जवान के सहकर्मियों और अधिकारियों को झकझोर दिया है। पुलिस की जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भुनेश्वर पाल ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया।

error: Content is protected !!