लोहरदगा में फोरलेन निर्माण स्थल पर लेवी के लिए पहुंचे अपराधी, पुलिस को देखते ही बरसाने लगे गोलियां; दोनों ओर से 9 राउंड फायरिंग,जांच में जुटी है पुलिस…
लोहरदगा। लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात निर्माणाधीन फोरलेन सड़क परियोजना पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लेवी वसूलने और दहशत फैलाने के इरादे से पहुंचे हथियारबंद अपराधियों का सामना पुलिस से हो गया। पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस जवानों ने भी गोलियां चलाईं। दोनों ओर से करीब 9 राउंड फायरिंग होने के बाद अपराधी बाइक से चंदवा की ओर भाग निकले।
घटना शनिवार देर रात करीब दो बजे की है। कुड़ू के ढुलुवाखुंटा से लातेहार के उदयपुरा तक बन रहे नेशनल हाइवे-39 फोरलेन सड़क निर्माण स्थल पर अपराधियों ने मजदूरों के बीच दहशत फैलाने की कोशिश की। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बाइक से पहुंचे तीन अपराधी, मजदूरों को काम बंद करने की धमकी
जानकारी के अनुसार, देर रात एक बाइक पर सवार तीन अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे। उस समय पावर सब स्टेशन के समीप पुलिया पर गाइडर लगाने का काम चल रहा था। अपराधियों ने वहां मौजूद मजदूरों को धमकाते हुए काम बंद करने की चेतावनी दी।हथियारबंद अपराधियों को देखकर मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए मजदूर मौके से भागने लगे और शोर मचाकर घटना की जानकारी आसपास के लोगों तथा सुरक्षा में तैनात जवानों को दी।
शोर सुनकर पहुंचे SAT जवान, अपराधियों ने चला दी गोली
निर्माण स्थल के पास सुरक्षा के लिए तैनात एसएटी के जवान शोर सुनकर मौके पर पहुंचे। जवानों ने अपराधियों को रुकने और हथियार डालने की चेतावनी दी, लेकिन पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक अपराधियों की ओर से करीब पांच राउंड गोली चलाई गई। जवाब में पुलिस जवानों ने भी करीब चार राउंड फायरिंग की। देखते ही देखते निर्माण स्थल गोलियों की आवाज से गूंज उठा।
जेसीबी-रोलर में आग लगाने की कोशिश, पुलिस की कार्रवाई से भागे
फायरिंग के दौरान एक अपराधी ने निर्माण स्थल पर खड़ी जेसीबी और रोलर मशीन में आग लगाने की कोशिश भी की। बताया जा रहा है कि वह वाहन से पेट्रोल निकाल रहा था, ताकि निर्माण में इस्तेमाल हो रही मशीनों को आग के हवाले किया जा सके।हालांकि, पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद अपराधियों के मंसूबे पूरे नहीं हो सके। पुलिस का दबाव बढ़ता देख तीनों अपराधी बाइक पर सवार होकर चंदवा की ओर फरार हो गए।
रात में ही थाना प्रभारी ने शुरू किया पीछा
घटना की जानकारी मिलते ही कुड़ू थाना प्रभारी नीरज झा सक्रिय हुए। वह पुलिस बल के साथ रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे और फरार अपराधियों की तलाश में उनका पीछा किया। हालांकि, अंधेरे और इलाके का फायदा उठाकर अपराधी पुलिस को चकमा देने में सफल रहे।पुलिस अब घटनास्थल के आसपास मौजूद साक्ष्यों के साथ-साथ अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
लेवी के लिए दहशत फैलाने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अपराधियों का मकसद सड़क निर्माण कंपनी से लेवी वसूलने के लिए दहशत पैदा करना बताया जा रहा है। कुड़ू के ढुलुवाखुंटा से लातेहार के उदयपुरा तक NH-39 फोरलेन का निर्माण पीआरए कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराया जा रहा है।फायरिंग की इस घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में दहशत है। पुलिस निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्क हो गई है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी और इलाके में निगरानी तेज की जा रही है।

