नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के बाद मारपीट, रिम्स में इलाज के दौरान मौत, जांच में जुटी पुलिस

राँची/गुमला। झारखण्ड के गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट के बाद उसकी मौत हो गई। गंभीर हालत में नाबालिग को पहले गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए रिम्स, राँची फर किया गया। रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना के दिन गुरुवार की शाम करीब पांच बजे नाबालिग अचानक लापता हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि कुछ युवक उसे अपने साथ लेकर गए थे। काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।बताया गया कि देर शाम करीब सात बजे कुछ युवक नाबालिग को घर के समीप छोड़कर चले गए। उस समय उसकी हालत बेहद गंभीर थी। परिजनों ने उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गुमला सदर अस्पताल से रिम्स रेफर कर दिया गया।

रिम्स में डॉक्टरों की निगरानी में नाबालिग का इलाज चल रहा था, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश और मातम का माहौल है।परिजनों की शिकायत और लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नाबालिग किन लोगों के साथ गई थी और उसके साथ क्या हुआ। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

मामले में पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी, परिजनों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों को जुटा रही है। नाबालिग की मौत के बाद अब पुलिस के सामने आरोपों की पूरी जांच कर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चुनौती है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि किशोरी के साथ मारपीट की जानकारी मिली थी, जबकि सामूहिक दुष्कर्म को लेकर थाने में लिखित शिकायत नहीं मिली थी।

बसिया एसडीपीओ शिव मरांडी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस गांव जाकर परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की बात पुलिस ने कही है।

 

error: Content is protected !!