गुमशुदगी की जांच में खुला हत्या का राज, 13 वर्षीय दीनानाथ की नदी किनारे मिली लाश; 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
पाकुड़। करमा पूजा के दौरान अचानक लापता हुए 13 वर्षीय बालक दीनानाथ सिंह की तलाश का मामला आखिरकार हत्या के खुलासे तक पहुंच गया। पाकुड़ पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आपसी घरेलू एवं जमीन विवाद को लेकर बालक की हत्या कर उसके शव को नदी में फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टेम्पू और लोहे का जैक भी बरामद किया है।
घटना हिरणपुर थाना क्षेत्र के नयाग्राम की है। पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को करमा पूजा के दौरान 13 वर्षीय दीनानाथ सिंह के अचानक गायब होने की सूचना मिली थी। नाबालिग के लापता होने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ पाकुड़ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया।
पुलिस ने बालक की तलाश के लिए लगातार छापेमारी शुरू की। पुलिस ने मानवीय सूचना के साथ तकनीकी और आधुनिक वैज्ञानिक साक्ष्यों का सहारा लिया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को बालक की गुमशुदगी के पीछे हत्या की आशंका के अहम सुराग मिले।
पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आपसी घरेलू और जमीन विवाद के कारण दीनानाथ की हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को नदी में फेंक दिया गया।इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों और तकनीकी इनपुट के आधार पर छापेमारी तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मनोज कुमार (करीब 40 वर्ष), पिता स्व. हवा सिंह, निवासी नयाग्राम, थाना हिरणपुर को हिरणपुर बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हरे रंग के बजाज मैक्सीमा टेम्पू (JH17AE0680) और एक लोहे का जैक बरामद किया है।
आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस टीम ने नगर थाना क्षेत्र में देवपुर और मंगलापाड़ा के बीच नदी किनारे से दीनानाथ के शव को बरामद किया। शव को आवश्यक परीक्षण के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेज दिया गया है।
बालक का शव मिलने की खबर के बाद परिवार में मातम पसर गया। जिस करमा पूजा के दौरान बालक के लापता होने से परिवार परेशान था, उसी मामले में हत्या का खुलासा होने से गांव में भी शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, मामले में तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और वैज्ञानिक जांच को एक साथ जोड़ते हुए टीम ने त्वरित कार्रवाई की और महज 48 घंटे के भीतर आरोपी तक पहुंच गई। हिरणपुर थाना में आवेदक हरिनन्दन सिंह के आवेदन के आधार पर कांड संख्या 71/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपी का स्थायी पता हरियाणा के सोनीपत जिले के मोहना थाना क्षेत्र का बताया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से जेल भेज दिया।
कार्रवाई में एसडीपीओ पाकुड़ कुमार गौरव, हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, सिमलोंग ओपी प्रभारी बलवंत दुबे, गौतम दास, अनिल पंडित, अमरजीत मिश्रा, विशेष छापेमारी दल प्रभारी पप्पू कुमार, रविन्द्र सिंह, ज्योतिष चौधरी समेत तकनीकी शाखा के जवान सूरज मुर्मू और रोहित कुमार साहा तथा हिरणपुर थाना सशस्त्र बल की भूमिका रही।

