वासेपुर गोलीकांड के बाद धनबाद पुलिस का बड़ा एक्शन: ईस्ट बसुरिया में मुठभेड़,अपराधी चंदन ठाकुर का हॉफ एनकाउंटर;दो अन्य अपराधी गिरफ्तार
धनबाद।जिले के वासेपुर में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद धनबाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान अपराधियों ने पुलिस के वाहन पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ में चंदन ठाकुर नाम के अपराधी के पैर में गोली लगी है।
बताया जाता है कि बासेपुर में फहीम खान के भाई सहित तीन लोगों को गोली मारने के बाद चंदन ठाकुर अपने मामा जोधन ठाकुर, प्रिंस और आमिर के साथ ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में छुपा हुआ था. धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने सूचना मिलने पर जब वहां पुलिस की टीम भेजी तो उन लोगों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी।जवाबी कार्रवाई में शूटर चंदन ठाकुर व प्रिंस के कमर में गोली लगी।मौके से भाग रहे चंदन ठाकुर के मामा जोधन ठाकुर और आमिर को गिरफ्तार कर लिया गया। सनद रहे बासेपुर में चंदन ठाकुर ने गोली चलायी थी, जबकि उसकी बाइक प्रिंस चला रहा था।मामले में रेकी आमिर ने की थी। बासेपुर घटना के मात्र दो दिन के अंदर धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने मामले का उदभेदन कर दिया है।घायलों का इलाज कराया जा रहा है।अपराधियों के पास से हथियार और कारतूस बरामद किए जाने की बात सामने आ रही है।
मौके पर बाघमारा SDPO समेत पुलिस अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा SDPO अजीत कुमार विमल समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इलाके में पुलिस की कार्रवाई जारी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे किस वारदात की तैयारी में थे और उनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
वासेपुर फायरिंग से जुड़ रहे तार
गौरतलब है कि पिछले दिनों वासेपुर में अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस गोलीबारी में फहीम खान के भाई सानू खान, सद्दाम और एक किशोरी को गोली लगी थी। घटना के बाद से ही धनबाद पुलिस हमलावरों और उनके सहयोगियों की तलाश में जुटी थी।अब ईस्ट बसुरिया में हुई मुठभेड़ और गिरफ्तारियों को उसी मामले की जांच में बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
इलाके में बढ़ाई गई निगरानी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी और सघन जांच बढ़ा दी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। हथियारों की बरामदगी और अपराधियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

