फर्जी पुलिस बनकर केस मैनेज कराने का झांसा, दो शातिर गिरफ्तार, 25,600 रुपये और बाइक-मोबाइल लूट का खुलासा
जमशेदपुर। जमशेदपुर के MGM थाना क्षेत्र में खुद को पुलिसकर्मी बताकर केस मैनेज कराने का झांसा देने वाले दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने केस रफा-दफा कराने के नाम पर पीड़ित को सुनसान इलाके में ले जाकर डराया-धमकाया और उससे 25,600 रुपये नकद, बाइक और दो मोबाइल फोन छीन लिए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंटी गुहा (38), निवासी गोल्फ ग्रीन, कोलकाता और इम्तियाज खान (32), निवासी रबानी कॉलोनी, मानगो के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पीड़ित की लूटी गई बाइक और मोबाइल फोन समेत घटना में इस्तेमाल किए गए कई मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 10 सितंबर 2026 की है। शिकायतकर्ता वीरेंद्र दास को आरोपियों ने RVBS एकेडमी, डिमना के पास केस रफा-दफा कराने की बात कहकर बुलाया था। इसके बाद उसे गोलमुरी थाना क्षेत्र के आनंदनगर स्थित सुनसान इलाके में ले जाया गया।वहां आरोपियों ने उसे पुलिसिया रौब दिखाते हुए डराया-धमकाया और उसकी जेब से 25,600 रुपये नकद निकाल लिए। इसके अलावा उसकी स्प्लेंडर बाइक (JH05DJ-0785) और दो मोबाइल फोन भी छीन लिए गए।
घटना के बाद पीड़ित ने MGM थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
पुलिस जांच में आरोपियों की चालाकी भी सामने आई। लूटी गई स्प्लेंडर बाइक की पहचान छिपाने के लिए उसकी मूल नंबर प्लेट JH05DJ-0785 हटाकर उस पर फर्जी नंबर WB05DG-0876 लगा दिया गया था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान बाइक को बरामद कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सैमसंग के दो टच स्क्रीन मोबाइल, एक की-पैड मोबाइल तथा घटना में इस्तेमाल किए गए रियलमी और रेडमी के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी बंटी गुहा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जमशेदपुर के अलग-अलग थानों में पहले से 11 मामले दर्ज हैं। इनमें कदमा, सीतारामडेरा, जुगसलाई, टेल्को, सिदगोड़ा और परसुडीह थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं।वहीं, दूसरे आरोपी इम्तियाज खान के खिलाफ भी बागबेड़ा थाना में पूर्व से मामला दर्ज है।
इस पूरे मामले में पटमदा DSP दयानंद कुमार के नेतृत्व में MGM थाना पुलिस के पदाधिकारियों और सशस्त्र बल ने कार्रवाई की। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस तरह फर्जी पुलिस बनकर ठगी और लूट की घटनाओं में उनका नेटवर्क कितना बड़ा है और इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

