इतना बड़ा गैंगस्टर हो तो धनबाद आकर कानून का सामना करो, बंटी खान ने भाई प्रिंस से किया किनारा; कहा- पुलिस एनकाउंटर करे, हम मिट्टी में भी नहीं जाएंगे
धनबाद। वासेपुर के भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के बड़े भाई बंटी खान का एक वीडियो सामने आने के बाद धनबाद के अपराध जगत में हलचल मच गई है। पुलिस हिरासत में नजर आ रहे बंटी खान ने अपने छोटे भाई प्रिंस खान से पूरी तरह किनारा करते हुए उसे धनबाद लौटकर कानून का सामना करने की चुनौती दी है। बंटी ने पुलिस से यहां तक कह दिया कि अगर प्रिंस अपराध की दुनिया में है तो पुलिस उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
वीडियो में बंटी खान कहता सुनाई दे रहा है- “इतना बड़ा गैंगस्टर हो तो धनबाद में आकर कानून का सामना करो। हम धनबाद पुलिस से अनुरोध करते हैं, उसका एनकाउंटर करें। हम लोग इसके मिट्टी में भी नहीं जाएंगे।”
बंटी के इस बयान को प्रिंस खान से परिवार की दूरी दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। बंटी ने कहा कि प्रिंस की गतिविधियों के कारण पूरा परिवार परेशानी में है और उसका अब प्रिंस से कोई संबंध नहीं है। उसने पुलिस से प्रिंस के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही।
गिरफ्तारी के बाद वासेपुर में कराई गई थी परेड
बंटी खान को धनबाद पुलिस ने रविवार को कोलकाता से गिरफ्तार किया था। सोमवार को पुलिस उसे धनबाद लेकर पहुंची और वासेपुर में उसकी परेड कराई गई। पुलिस ने उसकी कमर में रस्सी बांधकर उसे इलाके में घुमाया। इसी दौरान प्रिंस खान के प्रतिद्वंद्वी गैंगस्टर फहीम खान के बेटे और उसके समर्थकों की मौजूदगी में बंटी के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई। पुलिस की घेराबंदी के बावजूद एक समर्थक ने बंटी के साथ हाथापाई कर दी।
इसके बाद पुलिस हिरासत के दौरान बंटी का यह वीडियो सामने आया, जिसमें वह प्रिंस से पूरी तरह अलग होने की बात कह रहा है।
पुलिस को बंटी के बयान पर भरोसा नहीं
हालांकि, बैंक मोड़ पुलिस बंटी के इन दावों को पूरी तरह सच नहीं मान रही है। पुलिस को आशंका है कि कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए परिवार के सदस्य प्रिंस से दूरी की बात कह रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि विदेश में रह रहा प्रिंस खान परिवार के सदस्यों के संपर्क में है या नहीं।
बैंक मोड़ थाना प्रभारी ने कहा कि बंटी खान ने प्रिंस के साथ किसी तरह का संपर्क नहीं होने और परिवार से भी उसका कोई नाता नहीं होने की बात कही है। हालांकि, पुलिस को उसके बयान पर पूरी तरह विश्वास नहीं है। कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उसके झूठ बोलने की आशंका है। इस बिंदु पर जांच की जा रही है।

