दो बच्चियों की गड्ढे में डूबने से मौत: खेलते-खेलते गड्ढे में पहुंचीं दो मासूम,गांव में पसरा मातम
लातेहार। शनिवार की शाम बालूमाथ के मसियातु गांव में एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। खराड़ पुल के समीप बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गयी। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतकों की पहचान रितिका कुमारी (8 वर्ष), पिता राजदेव उरांव और साक्षी कुमारी (7 वर्ष), पिता सिकंदर उरांव के रूप में हुई है। दोनों बच्चियां मसियातु गांव की रहने वाली थीं।
बताया जाता है कि पोटमाही घाटी के नीचे खराड़ पुल के पास बारिश के बाद एक गड्ढे में काफी पानी जमा हो गया था। शनिवार को आसपास के कई बच्चे वहां नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान रितिका और साक्षी भी पानी में उतर गयीं।नहाते-नहाते दोनों बच्चियां अचानक गहरे पानी की तरफ चली गयीं और देखते ही देखते डूब गयीं। साथ में मौजूद अन्य बच्चों ने घटना की जानकारी गांव जाकर दी। खबर मिलते ही ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने दोनों बच्चियों को पानी से बाहर निकाला, मगर उनकी जान जा चुकी थी।एक साथ दो बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही मसियातु गांव में चीख-पुकार मच गयी। जिस जगह कुछ देर पहले बच्चों की आवाजें गूंज रही थीं, वहां देखते ही देखते मातम छा गया। दोनों बच्चियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना ग्रामीणों और परिजनों की ओर से तत्काल पुलिस को नहीं दी गयी थी। बाद में जानकारी मिलने पर बालूमाथ थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल को गांव भेजा गया है।

