थानेदार के घर ही चोरों का धावा, सीढ़ी लगाकर घुसे बदमाश; अलमारी-बक्सा तोड़कर नकदी-जेवरात ले उड़े
पलामू। जिस पुलिस अधिकारी के जिम्मे अपराधियों पर नकेल कसने की जिम्मेदारी है, उसी थानेदार के घर को चोरों ने निशाना बना दिया। गढ़वा टाउन थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सुनील तिवारी के पलामू स्थित पैतृक घर में चोरों ने धावा बोलकर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
घटना रेहला थाना क्षेत्र के तोलरा गांव की है। बताया जा रहा है कि चोर सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल हुए। इसके बाद घर में रखी अलमारी और बक्से को तोड़कर उसमें रखे सामान को खंगाला। पुलिस के अनुसार, घर से कुछ नकदी और जेवरात चोरी होने की जानकारी मिली है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक चोरी गई संपत्ति की पूरी कीमत का आकलन नहीं हो सका था।
चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की और गांव से दो संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने बताया कि थानेदार सुनील तिवारी के घर चोरी हुई है। मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। चोरी गए सामान का अभी आकलन नहीं हो पाया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, जिस इलाके में यह वारदात हुई है, वहां पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में थानेदार के घर हुई चोरी ने पुलिस की सुरक्षा और इलाके में सक्रिय चोर गिरोह को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे स्थानीय अपराधियों का हाथ है या किसी संगठित गिरोह ने घटना को अंजाम दिया है।

