प्यार का खौफनाक अंत: अजन्मे बच्चे का हक मांगने पहुंची 19 साल की युवती को मिली सिर्फ मौत, प्रेमी ने जंगल में ली दो जानें

​खूँटी।झारखण्ड के खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र स्थित पंगुरा का घना जंगल रविवार को एक ऐसी खौफनाक वारदात की गवाही दे रहा था, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। जिस दिल में कभी मोहब्बत के दीये जलते थे, उसी दिल में पनपे फरेब ने दो जिंदगियों की डोर एक साथ काट दी।एक 19 साल की बेबस युवती की और दूसरी उसके पेट में पल रही 8 महीने की अनछुई सांसों की।

दो साल का इश्क और ढुकू प्रथा की आड़ में बेवफाई

अड़की थाना क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय युवती का पंगुरा गांव के 20 साल के सागर ओड़ेया के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। रिश्ता गहराया और युवती गर्भवती हो गई। वह लगातार सागर से अपने और आने वाले बच्चे को अपनाने की गुहार लगाती रही। लेकिन जवाब में उसे मिला सिर्फ फासला। सागर ने न सिर्फ अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ा, बल्कि महज दो महीने पहले ढुकू प्रथा का सहारा लेकर एक दूसरी लड़की को अपने घर में बसा लिया।

अधिकार की जंग और रहस्यमयी गुमशुदगी

आने वाले मासूम के हक और अपने वजूद की लड़ाई लड़ने के लिए युवती 2 सितंबर को हिम्मत जुटाकर सीधे सागर के चौखट पर पहुंची। उसने अपने अजन्मे बच्चे के अधिकार के लिए आवाज उठाई, लेकिन यही आवाज आरोपी को चुभने लगी। इसके ठीक दो दिन बाद, 4 सितंबर से युवती रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजन उसे ढूंढते रहे, लेकिन रविवार को पंगुरा के जंगलों से आई एक खबर ने उनके पैरों तले जमीन खिसका दी।

पोस्टमार्टम की रिपोर्ट ने खोला दोहरे कत्ल का राज

जंगल में शव मिलने की सूचना मिलते ही डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तो डॉक्टरों की रिपोर्ट ने इस वारदात के दर्द को दोगुना कर दिया। युवती के गर्भ में आठ महीने का मृत शिशु मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए दोहरे हत्याकांड की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

बहला-फुसलाकर जंगल ले गया और रेत दिया गला

इधर,कानून के शिकंजे में आते ही आरोपी प्रेमी सागर ओड़ेया का नकाब उतर गया। पुलिसिया पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि रोज-रोज की कलह और जिम्मेदारी से बचने के लिए उसने यह खौफनाक साजिश रची थी। वह प्रेमिका को बहला-फुसलाकर पंगुरा के सुनसान जंगल में ले गया और वहां धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया।

​फिलहाल, पुलिस ने आरोपी सागर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है, लेकिन अजन्मे मासूम और उसकी मां के साथ हुई इस दरिंदगी ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है।

error: Content is protected !!