सात जन्मों का साथ… मौत भी जुदा न कर सकी…. पत्नी ने ली अंतिम सांस तो आधे घंटे बाद सदमे में पति ने भी छोड़ी दुनिया

 

राँची। जिले के बुढ़मू-ठाकुरगांव से सामने आई एक घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। यहां एक दंपती ने जिंदगी भर एक-दूसरे का साथ निभाने के बाद अंतिम सफर भी लगभग साथ तय किया। पत्नी की मौत के महज आधे घंटे बाद पति ने भी दम तोड़ दिया। एक ही दिन पति-पत्नी की मौत से परिवार में मातम पसरा है, वहीं घटना की खबर सुनकर आसपास के लोग भी भावुक हो उठे।

पंचमुखी हनुमान मंदिर रोड निवासी शिबू बैठा (60) और उनकी पत्नी सरस्वती देवी (57) की रविवार सुबह करीब आधे घंटे के अंतराल में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, सरस्वती देवी पिछले करीब एक सप्ताह से लकवे की बीमारी से जूझ रही थीं और उनका इलाज रातू में चल रहा था।

परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह करीब 9 बजे इलाज के दौरान सरस्वती देवी की मौत हो गई। पत्नी के निधन की खबर जैसे ही घर पर मौजूद शिबू बैठा को मिली, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिवार के लोग कुछ समझ पाते और उन्हें संभालने की कोशिश करते, उससे पहले ही करीब 9:30 बजे उन्होंने भी दम तोड़ दिया।एक तरफ घर में पत्नी की मौत का मातम था और दूसरी तरफ कुछ ही देर में पति की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। देखते ही देखते खुशहाल परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

स्थानीय लोगों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि शिबू बैठा और सरस्वती देवी के बीच गहरा लगाव था। शायद यही वजह रही कि पत्नी की मौत का सदमा पति बर्दाश्त नहीं कर सके।दोनों की मौत की खबर फैलते ही रिश्तेदारों और आसपास के लोगों का उनके घर पहुंचना शुरू हो गया। हर किसी की जुबान पर एक ही बात थी साथ जीने की कसमें तो कई लोग खाते हैं, लेकिन अंतिम सफर भी इस तरह साथ तय करने वाली जोड़ी बेहद दुर्लभ होती है।

पति-पत्नी की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। परिजनों के लिए यह घटना किसी सदमे से कम नहीं है। एक ओर पत्नी के निधन का दुख और उसके महज आधे घंटे बाद पति का भी दुनिया छोड़ देना परिवार को अंदर तक तोड़ गया।स्थानीय लोग इस दंपती के रिश्ते को याद करते हुए भावुक नजर आए। जिस साथ की शुरुआत जिंदगी से हुई थी, उसका अंत भी लगभग एक ही समय पर हुआ। इस घटना ने एक बार फिर यह एहसास करा दिया कि वर्षों का साथ कभी-कभी इंसान की सांसों से भी गहरा रिश्ता बना देता है।

error: Content is protected !!