पिकनिक की खुशियां मातम में बदलीं: बटाने नदी में उतरे तीन दोस्त, एक की मौत, दूसरा अब भी लापता
पलामू। पिकनिक मनाने निकले तीन दोस्तों को बटाने नदी में नहाना भारी पड़ गया। शनिवार शाम नदी में नहाने के दौरान तीनों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर तलाश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद एक युवक को बेहोशी की हालत में बाहर निकाल लिया। वहीं, रविवार को दूसरे युवक का शव घटनास्थल के पास एक पत्थर में फंसा मिला। तीसरे युवक की तलाश अब भी जारी है।
घटना हरिहरगंज थाना क्षेत्र में बटाने नदी के बेलघाटी पुल के पास शनिवार शाम हुई। बताया जाता है कि बिहार के औरंगाबाद जिले के मिनी बीघा गांव निवासी राजेंद्र साव, रितिक और टेनी पिकनिक मनाने के लिए बटाने नदी पहुंचे थे। कुछ देर पिकनिक मनाने के बाद तीनों दोस्त नदी में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और अचानक डूबने लगे।
तीनों को डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद राजेंद्र साव को बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाल लिया गया। उसे तत्काल सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। होश में आने के बाद राजेंद्र ने पुलिस को अपने दोनों साथियों के नदी में डूबने की जानकारी दी।जानकारी मिलते ही हरिहरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी में दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी। शनिवार देर शाम तक काफी खोजबीन के बावजूद दोनों का पता नहीं चल सका।
पत्थर में फंसा मिला रितिक का शव
रविवार को दोबारा शुरू किए गए सर्च अभियान के दौरान घटनास्थल के पास ही एक युवक का शव बरामद हुआ। शव नदी में एक पत्थर से लगा हुआ था। पुलिस ने उसकी पहचान रितिक के रूप में की। शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, नदी में डूबे तीसरे युवक टेनी की तलाश लगातार की जा रही है।हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि रितिक का शव बरामद कर लिया गया है। तीसरे युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ को पत्र भेजा गया है। फिलहाल ग्रामीणों के सहयोग से भी नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
एक साथ पिकनिक मनाने निकले तीन दोस्तों के साथ हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। शनिवार को जहां नदी किनारे दोस्तों की हंसी-खुशी थी, वहीं रविवार को उसी जगह एक युवक की मौत की खबर से मातम पसरा रहा और दूसरे की तलाश में परिजन उम्मीद लगाए बैठे हैं।

