62 राउंड गोलियों से थर्राया सोन का किनारा…पुलिस-अपराधियों की मुठभेड़ में टॉप-10 अपराधी घायल, SI भी जख्मी
पटना।बिहार की राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र का परेव इलाका रविवार की सुबह अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। सोन नदी के किनारे पुलिस और अपराधियों के बीच ऐसी मुठभेड़ हुई कि कुछ देर तक पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंजता रहा। पुलिस के अनुसार, अपराधियों की ओर से करीब 40 राउंड और पुलिस की ओर से करीब 22 राउंड फायरिंग हुई। यानी दोनों तरफ से करीब 62 राउंड गोलियां चलीं।
मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान अपराधी अवनीश कुमार उर्फ अनीश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे घायल हालत में दबोच लिया और इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा।वहीं, फायरिंग के दौरान बिहटा थाना के एसआइ राजू कुमार सिंह भी घायल हो गये। गोली उनकी बांह को छूकर निकल गयी। उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार के भी घायल होने की सूचना है।
घायल कुख्यात अपराधी अनीश
नाविकों से रंगदारी की सूचना ने खोल दिया पूरा खेल
पुलिस को सूचना मिली थी कि सोन नदी में कुछ अपराधी नाविकों से रंगदारी वसूल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पहले इसकी पुष्टि की और इसके बाद परेव इलाके में कार्रवाई के लिए पहुंची।पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से पुलिसकर्मियों को भी मोर्चा संभालना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। देखते ही देखते सोन नदी का इलाका गोलियों की आवाज से गूंजने लगा।करीब 62 राउंड फायरिंग के बीच पुलिस ने एक अपराधी को गोली लगने के बाद दबोच लिया, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य अपराधी मौके से भागने में सफल रहे।
घायल सब-इंस्पेक्टर
एसएसपी ने बताया कैसे शुरू हुआ एनकाउंटर
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बिहटा थाना क्षेत्र के सोन नदी में अपराधी अनीश कुमार अपने साथियों के साथ नाविकों से रंगदारी वसूल रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अपराधियों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की।एसएसपी के अनुसार, पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से करीब 40 राउंड और पुलिस की ओर से करीब 22 राउंड गोली चलायी गयी। इस तरह दोनों ओर से करीब 62 राउंड फायरिंग हुई।
जवाबी गोली चली तो पैर में लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अनीश कुमार के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि अनीश का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व के कई मामलों में शामिल रहा है। घायल अपराधी को इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है।
पुलिस के हाथ लगा हथियारों का जखीरा
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली। इस दौरान एक देसी राइफल, एक देसी कार्बाइन, दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और करीब 25 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किये गये। पुलिस ने मौके से एक नाव भी जब्त की है।
टॉप-10 अपराधियों में शामिल बताया जा रहा अनीश
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घायल अपराधी अनीश कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसे पटना पुलिस की टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल बताया जा रहा है। वह एके-47 से जुड़े एक मामले में भी फरार चल रहा था।पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मुठभेड़ के वक्त उसके साथ कितने अपराधी मौजूद थे और फायरिंग के बाद वे किस रास्ते से फरार हुए।
नदी के बीच चली गोलियां, पुलिस ने बढ़ायी निगरानी
मुठभेड़ के बाद सोन नदी और आसपास के इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गयी है। नदी में आने-जाने वाली नावों की जांच की जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी गयी है।घटना की सूचना मिलते ही पटना एसएसपी ,पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार और डीएसपी अमरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस टीम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
सोन नदी में हथियारों के साथ अपराधियों की मौजूदगी और नाविकों से रंगदारी वसूली की सूचना ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से आये, अपराधियों का नेटवर्क कितना बड़ा है और नदी के रास्ते रंगदारी वसूली का यह खेल कब से चल रहा था।फिलहाल घायल अनीश का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में जुटी है। सोन नदी के किनारे हुई इस मुठभेड़ ने एक बार फिर साफ कर दिया कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन अब सीधे मोर्चे तक पहुंच चुका है।

