सारंडा में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी ब्लास्ट में जंगली हाथी गंभीर रूप से घायल,स्थिति गंभीर
मनोहरपुर।झारखण्ड पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर प्रखंड के सारंडा अंतर्गत आईईडी ब्लास्ट में एक जंगली हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया।उसकी हालत काफी खराब बताई जा रही है।हाथी को रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग जुट गई है।जानकारी के मुताबिक विगत रविवार की शाम उक्त घायल हाथी को जराइकेला थाना क्षेत्र के कोलबोंगा गांव के पास अंकुआ कंपार्टमेंट संख्या – 48 के जंगल में घायल अवस्था में मछली पकड़ने गए कुछ लोगों ने देखा था।उसके बाद इसकी सूचना विभाग को दी गई। तब जाकर विभाग हरकत में आया।
वन विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दो दिन पहले चिरिया ओपी थाना के पोंगा जंक्शन के पास के जंगल में ब्लास्ट की खबरें आई थी,संभवतः उसी ब्लास्ट में हाथी घायल हुआ है।जबकि मनोहरपुर प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ . संजय घोलटकर की मानें तो हाथी पिछले कई दिन पहले घायल हुआ था। इधर जानकारी के अनुसार हाथी जंगल में काफी बुरी हालत में है।वह ज्यादा चल-फिर पाने में असमर्थ है। उसकी बचने की संभावना काफी कम प्रतीत हो रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी सारंडा में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईइडी की चपेट में आने से 4 की संख्या में हाथियों की मौत हो चुकी है।

