राखी बांधकर घर लौट रही बहन की रास्ते में टूटी सांस, साड़ी बनी मौत की वजह

 

गोड्डा। रक्षाबंधन के दिन भाई की कलाई पर राखी बांधकर घर लौट रही एक बहन की जिंदगी रास्ते में ही थम गई। जिस दिन भाई-बहन के रिश्ते की खुशियां मनाई जा रही थीं, उसी दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। गोड्डा-पथरगामा हाईवे पर शनिवार दोपहर हुए हादसे में 38 वर्षीय खुशी देवी की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार खुशी देवी अपने भाई के साथ मेहरमा थाना क्षेत्र के बाराहाट स्थित घर लौट रही थीं। दोनों बुलेट बाइक से पथरगामा फोरलेन से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक खुशी देवी की साड़ी का पल्लू बाइक के पिछले पहिए में फंस गया। देखते ही देखते साड़ी पहिए में उलझ गई और महिला बाइक से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरीं।

बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार भी तेज थी। अचानक हुए इस हादसे में खुशी देवी को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सक डॉ. दिलीप यादव ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

खुशी देवी के परिवार के लिए यह हादसा किसी सदमे से कम नहीं है। रक्षाबंधन के मौके पर भाई के साथ बिताए खुशियों के पल कुछ ही देर में जिंदगी भर के दर्द में बदल गए। जिस बहन को भाई राखी बांधने के बाद सुरक्षित घर पहुंचाने की उम्मीद कर रहा था, वही बहन अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही बाराहाट में परिजनों के बीच कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग गोड्डा सदर अस्पताल के लिए रवाना हुए। अस्पताल में परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन ने स्थानीय नगर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम अभी नहीं कराया गया है। पुलिस के अनुसार, परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नगर थाना के शिव दयाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बाइक के पिछले पहिए में साड़ी का पल्लू फंसने के कारण महिला सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हादसा एक चेतावनी भी
यह घटना सड़क पर दोपहिया वाहन से सफर करने वाले लोगों के लिए भी गंभीर चेतावनी है। खासकर साड़ी, दुपट्टा या अन्य ढीले कपड़ों को बाइक के पहिए, चेन या अन्य चलने वाले हिस्सों से दूर रखना बेहद जरूरी है। बाइक पर बैठते समय साड़ी के पल्लू को सुरक्षित तरीके से संभालना चाहिए और संभव हो तो ऐसे कपड़ों को इस तरह व्यवस्थित करना चाहिए कि वे पहिए में न फंस सकें।
एक छोटी-सी लापरवाही ने रक्षाबंधन के दिन एक परिवार से उसकी बेटी, बहन और पत्नी छीन ली। खुशी देवी की मौत सिर्फ एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि यह याद दिलाने वाली दर्दनाक घटना है कि सड़क पर कुछ सेकेंड की सावधानी किसी की पूरी जिंदगी बचा सकती है।

 

error: Content is protected !!