ट्रैक पर ट्रैक्टर से टकराई राँची-पटना वंदे भारत, इंजन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त,बड़ा हादसा टला…

 

हजारीबाग।राँची से पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22350) शुक्रवार शाम हजारीबाग के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेन के इंजन के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। दुर्घटना के बाद ट्रेन को करीब आधे घंटे तक मौके पर ही रोकना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस राँची स्टेशन से निर्धारित समय शाम 4:15 बजे पटना के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन को निर्धारित समय के अनुसार शाम 6:21 बजे हजारीबाग टाउन स्टेशन पहुंचना था। रास्ते में हजारीबाग स्टेशन से करीब 10 किलोमीटर पहले रेलवे ट्रैक पर अचानक ट्रैक्टर आ गया, जिससे वंदे भारत उससे टकरा गई।

टक्कर के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना के बाद रेलवे कर्मियों ने तत्काल ट्रैक से ट्रैक्टर को हटाने की कार्रवाई शुरू की। ट्रैक्टर हटाए जाने और आवश्यक जांच के बाद ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। दुर्घटना के कारण वंदे भारत करीब 30 मिनट तक घटनास्थल पर रुकी रही।

दुर्घटना के कारण निर्धारित समय से करीब 44 मिनट की देरी से वंदे भारत एक्सप्रेस शाम 7:05 बजे हजारीबाग स्टेशन पहुंची। स्टेशन पर ट्रेन के क्षतिग्रस्त हिस्से और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की गई। जांच के बाद ट्रेन को आगे की यात्रा के लिए सुरक्षित पाया गया और वह हजारीबाग से कोडरमा के लिए रवाना हो गई।

ट्रेन संख्या 22350 का निर्धारित रूट राँची से पटना तक है और इसके प्रमुख ठहरावों में मेसरा, बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा, गया और जहानाबाद शामिल हैं। सामान्य समय-सारिणी के मुताबिक हजारीबाग टाउन में ट्रेन का आगमन 6:21 बजे और प्रस्थान 6:23 बजे निर्धारित है, जबकि पटना पहुंचने का निर्धारित समय रात 10:10 बजे है।

फिलहाल हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। ट्रैक पर ट्रैक्टर किस परिस्थिति में पहुंचा और उसे वहां तक कौन लेकर आया था, इसे लेकर रेलवे स्तर पर जांच की जा रही है। हादसे के कारणों और ट्रैक्टर के रेलवे ट्रैक पर आने की परिस्थितियों की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!