कचहरी चौक से अपहरण, पुलिस को कुचलने की कोशिश और जवाबी फायरिंग; अब पुलिस से शिकायत ने बढ़ाया विवाद

राँची।राजधानी राँची के कचहरी चौक से युवक के अपहरण, मारपीट और फिर नए बोलेरो से सड़क पर फेंके जाने के चर्चित मामले में अब एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में काले रंग की बोलेरो से एक युवक को सड़क पर फेंकते हुए घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। इसके बाद वाहन वहां से तेजी से निकल जाता है। सामने आए इस फुटेज ने उस रात हुई पूरी वारदात को लेकर कई सवाल फिर खड़े कर दिए हैं।
यह वही मामला है, जिसमें कचहरी चौक के पास विवाद के बाद एक युवक को बोलेरो सवार आरोपियों द्वारा कथित रूप से अगवा कर लिया गया था। आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई और बाद में उसे वाहन से सड़क पर फेंक दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो का पीछा कर आरोपियों को पकड़ने के लिए कई इलाकों में घेराबंदी की थी।
कचहरी चौक से शुरू हुआ था विवाद
यह घटना फरवरी 2026 में देर रात कचहरी चौक के पास शुरू हुई थी। यहां किन्नरों और इश्तियाक अंसारी व गुफरान अंसारी के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान एक किन्नर को वाहन से कुचल दिया गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई।विवाद के बीच बीच-बचाव करने पहुंचे राय यूनिवर्सिटी के छात्र बंटी कुशवाहा के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने उसे जबरन बोलेरो में बैठा लिया और अपने साथ ले गए। बाद में उसे कुछ दूरी पर सड़क पर फेंक दिया गया था। पुलिस ने सड़क पर पड़े युवक और घायल किन्नर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा था।
CCTV में कैद हुआ युवक को फेंकने का पूरा घटनाक्रम
अब सामने आए सीसीटीवी फुटेज में स्कॉर्पियो सड़क पर आती दिखाई देती है। वाहन रुकने के बाद युवक को सड़क पर फेंका जाता हुआ नजर आता है। इसके बाद काले रंग के बोलेरो वहां से निकल जाती है।फुटेज सामने आने के बाद इस घटना को लेकर जांच की मांग और तेज हो गई है।
पुलिस को पकड़ने में करनी पड़ी थी काफी मशक्कत
युवक को सड़क पर फेंके जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की वाहन का पीछा शुरू किया था। पुलिस ने कचहरी चौक से लेकर कांके रिंग रोड, तिलता चौक, मांडर और नगड़ी इलाके तक घेराबंदी की थी। करीब कई घंटे तक पुलिस और आरोपियों के वाहन के बीच पीछा चलता रहा।पुलिस के अनुसार, पीछा करने के दौरान आरोपी वाहन रोकने को तैयार नहीं थे।पुलिस का आरोप था कि बोलेरो चालक ने पुलिसकर्मियों और पुलिस वाहन को कुचलने का प्रयास किया। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार पुलिसकर्मियों को वाहन से कुचलने की कोशिश कई बार की गई।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में चलाई गोली, आरोपी हुआ घायल
लगातार पीछा और पुलिसकर्मियों को वाहन से कुचलने के प्रयास के बाद चान्हो इलाके में पुलिस ने बोलेरो को रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से आरोपी इश्तियाक अंसारी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके साथी गुफरान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
अब FIR को लेकर फिर गरमाया मामला
घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई हुई और मामले में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी।लेकिन अब मामले में एक नया विवाद सामने आया है। घायल आरोपी के पक्ष की ओर से पुलिस पर ही कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया जा रहा है। आरोप है कि दूसरे पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया गया था। शिकायतकर्ता पक्ष का दावा है कि न्यायालय ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।इसी को लेकर अब पुलिस के वरीय पुलिस अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की जा रही है।पुलिस सूत्रों के अनुसार,आरोपी के परिजन केस में गवाहों के ऊपर दवाब बनने के लिए उनके ऊपर केस दर्ज कराना चाह रहा है।लेकिन पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज सहित कई साक्ष्य मौजूद है।
CCTV फुटेज ने बढ़ाई पुलिस जांच की जिम्मेदारी
एक तरफ पुलिस के पास उस रात की कार्रवाई और आरोपियों को पकड़ने की कहानी है, तो दूसरी ओर अब सामने आया सीसीटीवी फुटेज घटनाक्रम का एक महत्वपूर्ण दृश्य सामने रख रहा है। फुटेज में युवक को बोलेरो से सड़क पर फेंकते दिखाई देने का दावा किया।ऐसे में पूरे मामले में CCTV फुटेज, पुलिस की कार्रवाई, वाहन का रूट, अस्पताल में भर्ती युवक की स्थिति और न्यायालय के आदेश इन सभी पहलुओं को एक साथ रखकर जांच किए जाने की जरूरत है।
फरवरी की उस रात कचहरी चौक से शुरू हुआ विवाद कुछ ही घंटों में अपहरण, मारपीट, पुलिस पीछा और फायरिंग तक पहुंच गया था। अब महीनों बाद सामने आए CCTV फुटेज और FIR को लेकर उठे नए विवाद ने इस पूरे प्रकरण को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

