राँची:टाटा मोटर्स सर्विस सेंटर में लगी भीषण आग, कई गाड़ियां जलकर खाक; मची अफरा-तफरी

 

राँची। राजधानी राँची के सदर थाना क्षेत्र स्थित एक ऑटोमोबाइल सर्विस सेंटर में रविवार की सुबह अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सर्विसिंग के लिए परिसर में खड़ी कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से करीब चार से पांच वाहन जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। घटना के बाद सर्विस सेंटर के कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह टाटा मोटर के सर्विस सेंटर परिसर में खड़ी एक गाड़ी में अचानक आग लग गई। शुरुआती दौर में कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। परिसर में आसपास कई अन्य वाहन खड़े होने के कारण कुछ ही देर में आग ने उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते कई गाड़ियों से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं।
आग की भयावह स्थिति को देखते हुए तत्काल अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। सर्विस सेंटर के कर्मचारियों ने भी दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग की लपटों को नियंत्रित करने में सफलता मिली।

बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत सर्विस सेंटर में खड़े एक वाहन से हुई थी। हालांकि वाहन में आग किस वजह से लगी, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आग लगने के बाद आसपास खड़ी दूसरी गाड़ियों तक लपटें पहुंच गईं और देखते ही देखते कई वाहन इसकी चपेट में आ गए।घटना के दौरान सर्विस सेंटर परिसर में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आग की तेज लपटों और धुएं को देखकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। समय रहते अग्निशमन विभाग को सूचना दिए जाने के बाद आग को और फैलने से रोकने की कोशिश की गई।

सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि सर्विस सेंटर में खड़े एक वाहन में अचानक आग लगी थी। इसके बाद आसपास खड़ी अन्य गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब चार से पांच वाहन आग में जलकर खाक हो गए हैं।उन्होंने बताया कि फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आग की वजह तकनीकी खराबी थी या किसी अन्य कारण से आग लगी, इसका पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

आग की घटना में सर्विस सेंटर में खड़ी कई गाड़ियों के जलने से काफी नुकसान होने की आशंका है। हालांकि नुकसान की वास्तविक राशि का अभी आकलन नहीं किया गया है। संबंधित विभाग और सर्विस सेंटर प्रबंधन की ओर से क्षतिग्रस्त वाहनों का आकलन किया जा रहा है।फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों के साथ-साथ घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आग से हुए नुकसान की भी जानकारी जुटा रही है। आग की घटना के बाद सर्विस सेंटर में कुछ समय के लिए कामकाज भी प्रभावित रहा।

error: Content is protected !!